"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को मिला नया संबल
*पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद सक्सेना ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, समाज को नशामुक्त बनाने का किया आह्वान*
प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को अभियान के आठवें दिन पुलिस लाइन गुना परिसर में जागरूकता एवं नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे । कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के माध्यम से समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा ।
अपने प्रेरक संबोधन में पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद सक्सेना ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है । उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण वाहक भी है ।
अपने संबोधन के दौरान श्री सक्सेना ने माननीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार के तीन वर्षीय "नशा मुक्त भारत विजन" के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी । उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय विजन का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से देशभर में नशे के विरुद्ध व्यापक जागरूकता पैदा करना, युवाओं को नशे से दूर रखना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण का निर्माण करना है । उन्होंने कहा कि "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान इसी राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और इसके सफल क्रियान्वयन में पुलिस, प्रशासन एवं समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है ।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद सक्सेना ने उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए संकल्प कराया कि वे स्वयं भी सभी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे, समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त बनाने के लिए निरंतर जागरूकता फैलाएंगे तथा युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे ।
कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं सेनानी 26वीं वाहिनी श्री विकास पाठक, कलेक्टर गुना श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, सहायक सेनानी श्री संजय चतुर्वेदी, डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी, डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय सहित जिले के अनेक पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ गुना के निर्माण में सहभागी बनें ।
गुना पुलिस का "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा ।
