Type Here to Get Search Results !

प्राणघातक हमले के मामले में बीनागंज चौकी पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही

 प्राणघातक हमले के मामले में बीनागंज चौकी पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही


*महज 24 घंटे में प्रकरण के दो आरोपी गिरफ्तार, एक देशी कट्टा भी बरामद*


*फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी, शीघ्र होगी गिरफ्तारी*



                गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं दृढ़ नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही की जा रही है । आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से हिंसक अपराधों, रंगदारी, गुंडागर्दी एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध "जीरो टॉलरेंस" की नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चाचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण तथा चाचौडा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा के नेतृत्व में बीनागंज चौकी पुलिस द्वारा ग्राम सुंदरपुरा में हुए प्राणघातक हमले के गंभीर प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए महज 24 घंटे के भीतर ही दो आरोपी गिरफ्तार कर जिनके कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद करने में महत्पूर्ण सफलता हासिल की है ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 21 जुलाई 2026 को फरियादी महेश पुत्र फूल सिंह रजक निवासी ग्राम टोडी, ने बीनागंज अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस को रिपोर्ट करते हुए बताया कि दिनांक 20 जुलाई 2026 की रात्रि में वह जसवंत कुशवाह को ग्राम सुंदरपुरा छोड़कर वापस अपने गांव लौट रहा था । सुंदरपुरा पठार के पास मंदिर के पीछे से 6-7 व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया और जसवंत कुशवाह को काम पर लाने को लेकर विवाद करते हुए अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया । विरोध करने पर सभी आरोपियों ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया और लाठी-फर्सी, लात-घूंसो से मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं । उक्त रिपोर्ट पर से चाचौड़ा थाना पुलिस ने आरोपीगण हरिबहादुर मीना, सुमित मीना, मनीष मीना निवासी ग्राम सुंदरपुरा, कुलदीप मीना एवं रोहित मीना निवासी ग्राम टोडी सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 213/26 धारा 115(2), 296(ए), 126(2), 109(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की ।


               घटना की गंभीरता को देखते हुए चाचौडा थाना पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश हेतु तत्काल अभियान चलाया गया और इस हेतु पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ से कार्यवाही करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर ही आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को प्रकरण में दो आरोपियों 1-हरिबहादुर पुत्र हरभजन मीना उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम सुंदरपुरा एवं 2-रोहित पुत्र पन्नालाल मीना उम्र 29 वर्ष  निवासी ग्राम टोडी थाना चाचौडा को गिरफ्तार कर लिया गया । तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसे विधिवत जप्त कर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 इजाफा की गई । वैधानिक कार्यवाही उपरांत दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया । पुलिस द्वारा प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।


               गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि रंगदारी, गुंडागर्दी, मारपीट, अवैध हथियारों का प्रदर्शन अथवा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा । जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुना पुलिस की सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।     


               चाचौडा थाना पुलिस की इस सक्रिय और सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि बृजेश देवरिया, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक शिवप्रताप, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अभिषेक शर्मा, आरक्षक शरद यादव, आरक्षक अंकित मुदगल, आरक्षक सत्येन्द्र लोधी, आरक्षक अमित, आरक्षक अजय समाधिया एवं सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक व आरक्षक अभय रघुवंशी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.