Type Here to Get Search Results !

आम जनता की सुरक्षा एवं विश्वास पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता - आईजी अजय यादव

 आम जनता की सुरक्षा एवं विश्वास पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता - आईजी अजय यादव 


नवपदस्थ आईजी ने किया पदभार ग्रहण



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 


राजनांदगांव - रेंज के नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस महानिरीक्षक , राजनांदगांव रेंज , राजनांदगांव का आज विधिवत पदभार ग्रहण किया गया। पदभार ग्रहण के अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी वाई.पी. सिंह , पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई लक्ष्य शर्मा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर , नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन , नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर किरो , पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती मंजूलता बाज , पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक , डीएसपी (मुख्यालय) के.पी. मरकाम , डीएसपी नक्सल एम्ब्रोज कुजूर , सहायक एआईजी श्रीमती गीता वाधवानी , रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर सहित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण उपरांत पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने उपस्थित अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक एवं संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राजनांदगांव रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों की कानून-व्यवस्था , अपराध नियंत्रण , नक्सल गतिविधियों , महिला एवं बाल सुरक्षा , साइबर अपराधों की रोकथाम तथा लंबित अपराधों के अनुसंधान की समीक्षा की। आईजी यादव ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा एवं विश्वास पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बेसिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने , थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अपराध अनुसंधान में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के अधिकतम उपयोग , गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण , फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी , अवैध शराब , सट्टा , जुआ एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया। पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को सर्वोच्च स्तर पर बनाये रखते हुये आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें तथा पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी , जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाया जाये। उन्होंने कहा कि रेंज के सभी जिलों में टीम भावना के साथ कार्य करते हुये अपराध नियंत्रण , शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जायेगा। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से जिलेवार अपराध स्थिति , लंबित प्रकरणों , विशेष अभियानों तथा पुलिसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.