बमोरी में मानसिक स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञों ने किया उपचार व जागरूक
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय गुना की मनकक्ष टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमोरी में निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. देवकीनंदन किरार ने मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक समस्याओं से ग्रसित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। साथ ही मानसिक रोगों की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
मनोरोग नर्सिंग ऑफिसर रवि सिंह यादव ने मरीजों एवं उनके परिजनों को टेली-मानस (14416) एवं मनहित (Manhit) ऐप की जानकारी देते हुए बताया कि मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता, नशे की समस्या या अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों में कोई भी व्यक्ति 14416 पर निःशुल्क विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त कर सकता है। शिविर के दौरान लोगों को मानसिक बीमारी के प्रमुख लक्षणों के प्रति जागरूक करते हुए समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी गई।
