सांदीपनि विद्यालय गुना में भव्य समारोह के साथ गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन
जिला स्तरीय समारोह में नव नियुक्त शिक्षकों को वितरित किए नियुक्ति पत्र, उत्कृष्ट प्राचार्यों का हुआ सम्मान
गुना
सांदीपनि विद्यालय मॉडल गुना में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत विगत दिनों आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक, योग, स्वच्छता एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का भव्य समापन समारोह आज दो चरणों में आयोजित किया गया। समारोह का पहला चरण जिला स्तरीय समापन एवं सम्मान समारोह के रूप में आयोजित हुआ, जबकि दूसरे चरण में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
जिला स्तरीय समापन एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को जिला स्तरीय स्वरूप प्रदान करते हुए जिले में हाल ही में नियुक्त किए गए प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही विगत परीक्षाओं में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों का भी विधायक श्री पन्नालाल शाक्य एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया। उन्होंने सांदीपनि विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान विद्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों से अतिथियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों में गुरु के प्रति सम्मान, संस्कार, अनुशासन, योग, ध्यान, स्वच्छता, करियर जागरूकता, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं के विकास सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास का प्रयास किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद गुप्ता ने अपने उद्बोधन में गुरु के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि गुरु ही विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनने, अपने माता-पिता एवं गुरुओं का सम्मान करने तथा जीवन में अनुशासन और सदाचार को अपनाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने सांदीपनि विद्यालय की संकल्पना और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन में महर्षि सांदीपनि के आश्रम में शिक्षा ग्रहण करते हुए 64 कलाओं का ज्ञान प्राप्त किया था।
मुख्य अतिथि गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विभिन्न प्रेरक प्रसंगों एवं कथाओं के माध्यम से अच्छी और बुरी शिक्षा के बीच का अंतर स्पष्ट किया तथा विद्यार्थियों को जीवन में सही मार्ग चुनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, विवेक और चरित्र का निर्माण करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से विद्यालय से जुड़े रहे सेवानिवृत्त शिक्षकों श्री आसिफ खान, श्री केशव दुबे एवं श्री मनोहर सिलावट का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यालय द्वारा अतिथियों एवं सम्मानित शिक्षकों को स्मृति स्वरूप तुलसी का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवन का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री समर सिंह राठौर ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार प्रकट किया।
समापन समारोह के दूसरे चरण में विद्यालय पहुंचे कलेक्टर
गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के समापन समारोह के दूसरे चरण में गुना कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल सांदीपनि विद्यालय पहुंचे। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने गुरुओं का स्मरण करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर श्री कन्याल ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं नवाचारपूर्ण प्रतिभाओं की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
सही समय पर सही गुरु मिलना सबसे बड़ा सौभाग्य
कलेक्टर श्री कन्याल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु वही होता है, जो जीवन में सही समय पर सही दिशा दिखाए। जिस बच्चे को सही समय पर योग्य गुरु मिल जाए, वह वास्तव में भाग्यशाली होता है। उन्होंने कहा कि सांदीपनी विद्यालय की अवधारणा भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आज सरकार प्रत्येक सांदीपनी विद्यालय के विकास एवं आधुनिक सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, ताकि विद्यार्थियों को श्रेष्ठ शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प और स्मार्ट मेहनत जरूरी
अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि उन्हें अच्छे शिक्षक मिले और वे सदैव अपने गुरुओं से सीखने का प्रयास करते रहे। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए दो बातें सबसे महत्वपूर्ण हैं। पहली, अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प और समर्पण तथा दूसरी, उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्मार्ट तरीके से मेहनत करना। उन्होंने कहा कि व्यक्ति जैसा सोचता है, धीरे-धीरे वैसा ही बनता जाता है।
अच्छा मित्र समूह और योग्य गुरु का करें चयन
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में अच्छा मित्र समूह और योग्य गुरु का चयन बहुत महत्वपूर्ण होता है। कई बार मित्रों का प्रभाव सकारात्मक होता है तो कई बार नकारात्मक भी हो सकता है। इसलिए हमेशा ऐसे गुरु और साथियों का चयन करें जो सही मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। इसके लिए सजगता एवं प्रेजेंस ऑफ माइंड आवश्यक है।
सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर करें बेहतर भविष्य का निर्माण
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। लैपटॉप, साइकिल सहित अन्य योजनाएं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक हैं। उन्होंने इन सुविधाओं का सदुपयोग कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने की अपील की।
कार्यक्रम में एसडीएम श्रीमती शिवानी पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी श्री समर सिंह राठौर, प्राचार्य सांदीपनी विद्यालय श्री आशीष टांटिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
भव्य समारोह एवं विविध गतिविधियों के साथ सांदीपनि विद्यालय मॉडल गुना में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का गरिमापूर्ण समापन हुआ। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, संस्कार, अनुशासन और जीवन में निरंतर सीखते रहने की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
