Type Here to Get Search Results !

गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन

 गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन


गुना 

मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी गुना के मार्गदर्शन में सांदीपनि विद्यालय मॉडल गुना में आयोजित किए जा रहे गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत आज दिनांक 27 जुलाई को स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता से संबंधित संदेश एवं नारों के माध्यम से लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया। रैली के पश्चात विद्यालय के प्राचार्य द्वारा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है तथा स्वच्छता की आदतों को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सही तरीके से हाथ धोने की विधि का प्रदर्शन करते हुए हाथों की स्वच्छता के विभिन्न चरणों की जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि भोजन करने से पहले, भोजन करने के बाद, शौचालय के उपयोग के पश्चात तथा बाहर से आने पर साबुन और स्वच्छ जल से अच्छी तरह हाथ धोना अनेक बीमारियों से बचाव में सहायक होता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छता का संदेश अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना था। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.