जिला स्तरीय जनसुनवाई में आए 235 आवेदन, संबंधित अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश
गुना
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 235 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में राजस्व अधिकारियों एवं पंचायत विभाग की पूरी टीम को संयुक्त रूप से बैठाया गया, ताकि दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके।
रेडक्रॉस सोसायटी से जरूरतमंद हितग्राहियों को प्रदान की गई आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के उपरांत संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से विभिन्न जरूरतमंद हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। आज कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा आवेदिका पवित्रा अहिरवार को उनके ऑखों के इलाज के लिए तथा राघौगढ़ के श्री प्रेमनारायण जोगी को उनकी आर्थिक स्थिति से संबंधित सहायता स्वरूप 10-10 हजार रूपये एवं ग्राम भादौर तहसील आरोन के श्री अशोक कुमार को आर्थिक सहायता राशि 5000 रूपये का चैक प्रदान किया। आज जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
