Type Here to Get Search Results !

’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ में शिकायतों के त्वरित निराकरण पर दें प्राथमिकता : कलेक्टर

 ‘’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ में शिकायतों के त्वरित निराकरण पर दें प्राथमिकता : कलेक्टर

अच्छे कार्य करने वाले अधिकारी होंगे प्रोत्साहित, लापरवाही पर होगी कार्रवाई


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में ‘’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, उर्वरक वितरण व्यवस्था, शिक्षा, स्वच्छता तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ‘’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के दौरान अधिकारी जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें। बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि खराब प्रदर्शन पर कार्रवाई की जाएगी।

‘’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ में अधिकारी ब्लॉक स्तर पर करेंगे भ्रमण

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा केंद्र, जनसुनवाई, विभिन्न आयोगों एवं अन्य शिकायतों के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। जिन मामलों का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उनका शत-प्रतिशत निराकरण किया जाए तथा राज्य स्तर से संबंधित प्रकरणों को समय पर अग्रेषित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर जनसमस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

हर शुक्रवार होगा फील्ड विजिट, रखी जाएगी निरीक्षण नोटबुक

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारी फील्ड विजिट करेंगे। इस दौरान निरीक्षण नोटबुक संधारित की जाएगी, जिसमें प्राप्त प्रकरणों, उनके प्रकार तथा किए गए निराकरण का विवरण दर्ज रहेगा। ‘’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के दौरान सभी विभाग अपने-अपने काउंटर एवं प्रदर्शनी भी लगाएंगे, ताकि आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी मिल सके और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा सके।

उर्वरक वितरण की प्रतिदिन होगी समीक्षा

उर्वरक वितरण की हाइब्रिड व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर को निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक लेकर वितरण व्यवस्था की समीक्षा करें, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विद्यालयों में प्रतिदिन पाँच मिनट का ज्ञान सत्र आयोजित करें

शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में प्रतिदिन विद्यार्थियों को पाँच मिनट किसी उपयोगी विषय पर जानकारी दी जाए। साथ ही यह भी आंकलन किया जाए कि विद्यार्थियों ने क्या सीखा, उससे उनके जीवन में क्या सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है तथा उन्हें क्या लाभ मिल रहा है।

पीएनजी गैस को बढ़ावा देने के दिए निर्देश

पीएनजी गैस की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पीएनजी गैस सुरक्षित, किफायती एवं पर्यावरण के अनुकूल है। उन्होंने निर्देश दिए कि सबसे पहले शासकीय कर्मचारियों के आवासों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने की पहल की जाए तथा आम नागरिकों को भी इसका अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए।

व्यापार संवाद एवं प्रश्नोत्तर तैयार करने के निर्देश

जनविश्वास अभियान के अंतर्गत उद्योग विभाग को निर्देशित किया गया कि व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित करें तथा विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्रश्नोत्तर (एफएक्यू) तैयार करें, जिससे लोगों को सरल भाषा में आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।

स्रोत स्तर पर गीला-सूखा कचरा पृथक्करण सुनिश्चित करें

नगरपालिका को निर्देश दिए गए कि कचरा संग्रहण के दौरान ही गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिक प्रभावी बन सके।

समय-सीमा पत्रों की बिंदुवार समीक्षा

बैठक के अंत में कलेक्टर ने समय-सीमा पत्रों की विभागवार एवं बिंदुवार समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.