स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व तैयारी के संबंध में किया गया बैठक का आयोजन
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक का कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजन किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन सहित सहित समस्त अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला अधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि विगत वर्ष की भांति दिनांक 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन लाल परेड ग्राउंड पर किया जायेगा। कार्यक्रम स्थल लाल परेड ग्राउंड में प्रात: 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। उन्होंने पूर्व वर्ष की भांति सभी अधिकारी जिन्हें जो जिम्मेदारी दी गयी है उसका निर्वहन करें।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी कार्यालयों में प्रात: 8 बजे तक ध्वजारोहण का कार्य कर लिया जावे। ध्वजारोहण के दौरान ध्वज संहिता का पालन करते हुए किया जावे और झंडे का उपयोग सम्मानपूर्वक किया जावे। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के प्रमुख सार्वजनिक भवनों की इमारतों पर 14 एवं 15 अगस्त की रात्रि में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाए। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों पर भी विशेष लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सांस्कृतिक कार्यक्रम "विकसित भारत विजन" एवं "नशा मुक्त भारत अभियान" की थीम पर आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों के चयन के लिए गठित समिति द्वारा उत्कृष्ट प्रस्तुतियों का चयन किया जाए। इसी प्रकार लोकतंत्र सेनानियों को कार्यक्रम स्थल पर लाने, ले जाने के लिए वाहन व्यवस्था एवं एक अधिकारी को लायजनिंग के लिये नियुक्त किया जावे।
