Type Here to Get Search Results !

जामनेर थाना क्षेत्र से ट्रेक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता

*संपत्ति संबंधी अपराधों में गुना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही*

जामनेर थाना क्षेत्र से ट्रेक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता  

*अंतर्राज्यीय स्तर पर सैकड़ों सीसीटीवी फुटेजों की पड़ताल के बाद चोरी गये ट्रैक्टर-ट्रॉली राजस्थान से बरामद*

*जामनेर पुलिस की सतत मेहनत और प्रभावी तकनीकी विश्लेषण से मिली कामयाबी*

                 गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं उनके त्वरित खुलासे के लिए निरंतर प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी मुख्यालय और प्रभारी एसडीओपी श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी के पर्यवेक्षण में जामनेर थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सतत फील्ड वर्क एवं अंतर्राज्यीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए थाना क्षेत्र से चोरी गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजस्थान से बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है ।

                 उल्लेखनीय है कि दिनांक 27-28 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात्रि में जामनेर थाना क्षेत्र के ग्राम ढाढ़ोन्या निवासी फरियादी भूपेन्द्र सिंह राजपूत का मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली (क्रमांक MP08-AD-2210) अज्ञात बदमाश द्वारा चोरी कर लिया गया था । फरियादी की रिपोर्ट पर जामनेर थाने में अपराध क्रमांक 154/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।

                 प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जामनेर थाना पुलिस ने तत्काल विशेष जांच प्रारंभ की । पुलिस टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर व्यापक स्तर पर जांच करते हुए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया । साथ ही प्राप्त साक्ष्यों एवं सूचनाओं के अधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश में जामनेर, पीपलखेड़ी, जंजाली, बीनागंज, चांचौड़ा, कुंभराज सहित राजस्थान के छाबड़ा एवं बारां जिले तक लगातार सघन खोजबीन एवं दबिश की कार्यवाही की गई । इस दौरान फरियादी एवं उसके परिजनों व रिस्तेदारों द्वारा भी वाहन की तलाश में लगातार सहयोग किया गया ।

                 इसमें पुलिस की सतत निगरानी, तकनीकी विश्लेषण एवं लगातार बढ़ते दबाव के चलते बदमाश चोरी किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजस्थान के बारां जिले के केलबाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदनखेड़ा में छोड़कर फरार हो गए । पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आज दिनांक 04 अगस्त 2026 को लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य के चोरी गये ट्रैक्टर-ट्रॉली को सकुशल बरामद कर लिया है । प्रकरण में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है ।

                 गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें । नागरिकों की सतर्कता एवं पुलिस का समन्वय अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है ।

                 जामनेर थाना पुलिस की इस सक्रिय एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा, उपनिरीक्षक जगदीश जाटव, प्रधान आरक्षक प्रवेन्द्र भदौरिया, प्रधान आरक्षक राहुल भदौरिया, आरक्षक गजेन्द्र गुर्जर, आरक्षक शिवकुमार निगम, आरक्षक पंजाब गुर्जर, आरक्षक दिव्यांश भार्गव तथा साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप भदौरिया व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक का सराहनीय योगदान रहा है ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.