कोटा से इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आरक्षित श्रेणी के सीटों से यात्रियों को परेशानी।
अगले माह ट्रेनों को निरस्त करने पर पुनर्विचार करने की विजय कुमार जैन ने मांग की।
राघौगढ़ 18 अगस्त। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति मंडल भोपाल के सदस्य विजय कुमार जैन ने श्री पंकज त्यागी मंडल रेल प्रबंधक भोपाल को पत्र लिखकर उल्लेख किया है कि कोटा से इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में द्वितीय श्रेणी आरक्षित सिटिंग कोच में एक लाइन में 6 सीटें हैं। एक लाइन से दूसरी लाइन के बीच में स्पेस कम है। जो यात्री इस श्रेणी में आरक्षण कराकर यात्रा करते हैं उन्हें बहुत परेशानी होती है। जबकि इसी इंटरसिटी एक्सप्रेस में अनारक्षित श्रेणी के कोच में एक लाइन में 5 सीटें हैं। आपने यह भी उल्लेख किया है जिस तरह के कोच कोटा इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस में है इस तरह के कोच देश की सारी इंटरसिटी एक्सप्रेसों में लगे हुए हैं। आपने मांग की है कि द्वितीय श्रेणी आरक्षित सेटिंग कोच की वर्तमान व्यवस्था में परिवर्तन किया जाए और यात्रियों को सुविधाजनक सीटें बनाई जाएं।
विजय कुमार जैन ने यह भी उल्लेख किया है बीना रेल्वे स्टेशन पर निर्माण कार्यों को लेकर भोपाल रेल मंडल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार अनेक ट्रेनों को निरस्त कर दिया है एवं अनेक ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए हैं। इसमें आपने उल्लेख किया है कि बीना से रुठियाई मेमू ट्रेन दिनांक 30 सितंबर से 15 अक्टूबर तक एवं भोपाल से ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस को दिनांक 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक निरस्त किया जा रहा है। त्यौहार के समय रेल यात्रियों की सुविधा के लिए आपने सुझाव दिया है कि बीना से रुठियाई मेमू ट्रेन को बंद न कर मालखेड़ी या महादेव खेड़ी तक चलाया जाए। इसी प्रकार ग्वालियर से भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस को बंद न कर इन दिनों में ग्वालियर से मुंगावली या मालखेड़ी तक चलाए जाकर आम रेल यात्रियों को असुविधा से बचाया जा सकता है। आपने सुझाव पर विचार करने का अनुरोध किया है। विजय कुमार जैन ने श्री दिलीप कुमार सिंह महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेल्वे जबलपुर से भी जनहित की मांग पर विचार करने का अनुरोध किया है।
