Type Here to Get Search Results !

सिरसी थाना क्षेत्र के तिलवाड़ा में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस की प्रभावी कार्यवाही

सिरसी थाना क्षेत्र के तिलवाड़ा में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस की प्रभावी कार्यवाही


*मृतक को मानसिक रूप से तनावग्रस्त कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में घटित गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में प्रत्येक पहलू का सूक्ष्मता से परीक्षण करते हुए प्रभावी एवं वैधानिक कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में सिरसी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह गौर और उनकी टीम द्वारा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 01 अगस्त 2026 को सिरसी थाना क्षेत्र के ग्राम तिलवाड़ा निवासी मनोज पुत्र हरिचरण राठौर उम्र 42 वर्ष द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली गई थी । घटना की सूचना पर सिरसी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई ।


               मर्ग जांच के दौरान पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों एवं अन्य साक्षियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की सूक्ष्मता से जांच की गई । जांच में सामने आया कि मृतक मनोज राठौर ने लगभग दो वर्ष पूर्व ग्राम मारकी महू निवासी दारासिंह धाकड़ से 20 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसके बदले लगभग 960 ग्राम चांदी गिरवी रखी गई थी । परिजनों के अनुसार मृतक द्वारा लगभग एक वर्ष पूर्व उक्त राशि ब्याज सहित 25 हजार रुपये वापस कर दिए गए थे, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद दारासिंह धाकड़ द्वारा गिरवी रखी गई चांदी वापस नहीं की  गई । मृतक द्वारा बार-बार अपनी चांदी वापस मांगे जाने के बावजूद चांदी वापस नहीं मिलने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था । इसी दौरान मृतक की पुत्री के वैवाहिक जीवन से जुड़ी पारिवारिक परिस्थितियों के कारण भी परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी । परिजनों के अनुसार मृतक की पुत्री के ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किए जाने के कारण वह अपने मायके में रह रही थी तथा उसका पति रिंकू राठौर निवासी ग्राम खिरिया थाना केलवाड़ा जिला बारा (राजस्थान), उसे अपने साथ नहीं रख रहा था । इन आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के चलते मृतक पिछले कुछ समय से लगातार तनाव में था और घटना के पूर्व अत्यधिक मानसिक तनाव की स्थिति में रहने लगा था और इसी के चलते उसके द्वारा सल्फास की दवा का सेवन कर आत्महत्या की गई । मर्ग जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर दिनांक 03 अगस्त 2026 को आरोपीगण दारासिंह धाकड़ निवासी ग्राम मारकी महू एवं रिंकू पुत्र भागीरथ राठौर निवासी ग्राम खिरिया थाना केलवाड़ा जिला बारा (राजस्थान) के विरुद्ध सिरसी थाने में अप.क्र. 56/26 धारा 108 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।


               प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सिरसी थाना पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल प्रयास प्रारंभ किए गए । पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही तलाश एवं प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 10 अगस्त 2026 को प्रकरण के एक आरोपी रिंकू पुत्र भागीरथ राठौर उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खिरिया, थाना केलवाड़ा, जिला बारा (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उसे आज दिनांक 11 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है । प्रकरण में फरार शेष आरोपी दारासिंह धाकड़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ।


               सिरसी थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह गौर, उपनिरीक्षक गुणसागर मीना, सउनि कृष्ण मुरारी तिवारी, प्रधान आरक्षक लालाराम शर्मा, आरक्षक रविंद्र पाल, आरक्षक राजू पाल, आरक्षक राहुल रघुवंशी, आरक्षक नरेश परिहार, आरक्षक दीपक दांगी एवं आरक्षक सचिन जाट की विशेष भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने जैसे संवेदनशील मामलों में प्रत्येक तथ्य एवं परिस्थिति की निष्पक्षता से जांच करते हुए दोषियों के विरुद्ध प्रभावी एवं वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.