सड़क सुरक्षा को लेकर गुना पुलिस का 10 दिवसीय विशेष जनजागरूकता अभियान
*पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*
*हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग का दिया संदेश, राहवीर योजना एवं हिट एंड रन प्रतिकर योजना की दी जानकारी*
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में दिनांक 28 सितंबर 2026 से 08 अक्टूबर 2026 तक सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग हेतु 10 दिवसीय विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ।
अभियान का उद्देश्य आमजन, वाहन चालकों एवं विशेष रूप से युवा वर्ग को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात अनुशासन एवं सुरक्षित सड़क व्यवहार को बढ़ावा देना है ।
अभियान के क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजयप्रताप सिंह द्वारा अपने यातायात पुलिस स्टाफ के साथ आज दिनांक 30 सितंबर 2026 को गुना के पीजी कॉलेज में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों को यातायात प्रभारी द्वारा यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देकर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है । विद्यार्थियों को विशेष रूप से दो पहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में चालक एवं सभी यात्रियों द्वारा सीटबेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन नहीं चलाने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों एवं सिग्नल का पालन करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई । साथ ही ओवरटेकिंग में सावधानी बरतने, बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा पैदल यात्रियों एवं सड़क पर चलने वाले दूसरे लागों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया ।
यातायात प्रभारी द्वारा विद्यार्थियों को समझाया गया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट एवं सीटबेल्ट गंभीर चोटों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । इसलिए दो पहिया वाहन पर हेलमेट पहनना और चार पहिया वाहन में सीटबेल्ट लगाना आदत नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक जिम्मेदारी है । विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी हेलमेट एवं सीटबेल्ट के उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना के संबंध में भी जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना के समय दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता के लिए आम नागरिकों की तत्परता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है । दुर्घटना होने पर घायलों की मदद करने में संकोच न करें तथा समय पर पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना देकर घायल व्यक्ति को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें । दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में मिलने वाली चिकित्सा सहायता कई बार घायल व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है ।
हिट एंड रन प्रतिकर योजना के संबंध में भी जागरूक करते हुए बताया कि हिट एंड रन दुर्घटनाओं के मामलों में पात्र पीड़ितों अथवा उनके परिजनों के लिए शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत प्रतिकर की व्यवस्था की गई है ।
गुना पुलिस का यह विशेष अभियान जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों के पालन को प्रोत्साहित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में निरंतर जारी है । गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि सड़क पर जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ वाहन चलाएं तथा हेलमेट और सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग कर स्वयं एवं अपने प्रियजनों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें ।
