डायल-112 की त्वरित मदद से 15 घायलों को समय पर पहुंचाया अस्पताल
गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सेनबोर्ड चौराहे के पास यात्रियों से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार 15 व्यक्ति घायल हो गए। घटना की सूचना दिनांक 29 सितंबर 2026 को शाम 06:32 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन क्रमांक 07 को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ आरक्षक बीरम सिंह एवं पायलट सुशांत शिंदे ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पिकअप वाहन के पलटने से 15 व्यक्ति घायल पाए गए। जवानों ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी घायलों को एफआरव्ही वाहन एवं निजी वाहनों की सहायता से शासकीय अस्पताल फतेहगढ़ पहुंचाया, जहां घायलों को त्वरित उपचार मिल सका।
