सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 28 से 30 सितम्बर तक आयोजित होंगे “सेवा सेतु कैंप”
खाद्य विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं पात्र हितग्राहियों को किया जाएगा लाभांवित
गुना
मध्यप्रदेश शासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश में "सेवा संकल्प अभियान" अंतर्गत खाद्य विभाग की योजना के क्रियान्वयन के अंतर्गत योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं हितग्राहियों को लाभांवित करने के लिये गुना जिले में दिनांक 28, 29 एवं 30 सितम्बर 2026 को विकासखण्ड स्तर पर "सेवा सेतू कैंप" का आयोजन जायेगा।
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पाण्डेय को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है। साथ ही सहायक/कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को अपने क्षेत्र में कैंपवार आयोजन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किये जाने के आदेश जारी किये गये हैं ।
जारी आदेशानुसार गुना विकासखण्ड में 28 सितम्बर 2026 को, बमोरी एवं आरोन विकासखण्ड में 29 सितम्बर 2026 को तथा राधौगढ़ एवं चांचौड़ा विकासखण्ड में 30 सितम्बर 2026 को कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंपवार आयोजन के लिए गुना में सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री आशीष चतुर्वेदी को, बमोरी में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री शिवराम सिंह, आरोन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, श्रीमती वर्षा बडोनिया, राधौगढ़ में सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती खुशबू शुक्ला तथा चांचौड़ा में सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती इन्दु शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कैंप के स्थान का निर्धारण संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत/नगर परिषद से समन्वय कर किया जाएगा। कैंप में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभाग के अधिकारियों तथा योजना अंतर्गत लाभांवित हितग्राहियों को आमंत्रित किया जाएगा।
“सेवा सेतु कैंप” में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ही पात्र हितग्राहियों को लाभांवित करने के लिए कलेक्टर श्री कन्याल अधिकारियों को विस्तृत दिशा निर्देश जारी किये गये हैं।
