Type Here to Get Search Results !

राशन वितरण केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और अगरबत्ती निर्माण इकाई का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

 राशन वितरण केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और अगरबत्ती निर्माण इकाई का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

स्व-सहायता समूह की पहल से आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं, अगरबत्ती निर्माण से मिल रहा रोजगार


गुना  

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को आरोन के ग्राम पतलेश्वर में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं स्व-सहायता समूह की गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित अगरबत्ती निर्माण इकाई का अवलोकन कर महिलाओं से उत्पादन प्रक्रिया, उत्पादन क्षमता और रोजगार से जुड़े विषयों की जानकारी ली। उन्होंने समूह की महिलाओं की आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए कहा कि आप किसी पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि स्वयं रोजगार प्राप्त करने के साथ अन्य लोगों को भी रोजगार दे रही हैं। उन्होंने आवश्यकता होने पर अगरबत्ती निर्माण गतिविधि के विस्तार के लिए ऋण सहित आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात भी कही।

अगरबत्ती निर्माण की पूरी प्रक्रिया देखी

स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित अगरबत्ती निर्माण इकाई में कलेक्टर ने महिलाओं से बातचीत कर अगरबत्ती बनाने की विधि और प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद तक की पूरी प्रक्रिया देखी तथा प्रतिदिन होने वाले उत्पादन और उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना की और गतिविधि को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

राशन वितरण केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं

कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्राम पतलेश्वर स्थित शासकीय राशन वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र का संचालन गंगा मैया स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने समूह की सदस्यों से राशन वितरण व्यवस्था एवं संचालन से संबंधित जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दवाइयों और मरीजों की जानकारी ली

इसके पश्‍चात कलेक्टर ने ग्राम पतलेश्वर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों के स्टॉक, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा उपचार के लिए आने वाले मरीजों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने टीबी मरीजों को पोषण किट भी वितरित की और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

बच्चों से संवाद, गणेश विसर्जन में सम्मिलित

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पास में बनाए गए छोटे स्टॉपडैम का भी अवलोकन किया, जहां बच्चे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे थे। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उन्हें आवश्यक बातें समझाईं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.