Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर ने बच्चों से संवाद कर विकसित भारत 2047 की दी जानकारी, स्वस्थ जीवन और खेल से जुड़ने किया प्रेरित

 कलेक्टर ने बच्चों से संवाद कर विकसित भारत 2047 की दी जानकारी, स्वस्थ जीवन और खेल से जुड़ने किया प्रेरित

स्मार्ट क्लास से बढ़ी बच्चों की सीखने की क्षमता, जानकारी प्राप्‍त करना हुआ आसान


गुना  

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को आरोन की ग्राम पंचायत रामपुर स्थित एकीकृत हाई स्कूल रामपुर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने छात्रों द्वारा विकसित भारत की थीम पर तैयार की गई विभिन्न प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाई में आए बदलावों और उनके अनुभवों के बारे में संवाद किया।

स्मार्ट क्लास से तुरंत मिल रही नई जानकारी

कलेक्टर श्री कन्याल ने छात्रों से पूछा कि स्मार्ट क्लास शुरू होने के बाद पढ़ाई में पहले और अब क्या अंतर आया है। छात्रों ने बताया कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से उन्हें विषयों को समझने में आसानी होती है और आवश्यक जानकारी तुरंत प्राप्त हो जाती है। इस दौरान एक छात्रा कीर्ति कुशवाह ने कलेक्टर से पूछा कि कलेक्टर कैसे बनें और इसके लिए मार्गदर्शन मांगा। कलेक्टर श्री कन्याल ने उसे विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जीवन में जो भी कार्य करें, उसे पूरे मन और लगन से करें। उन्होंने सफलता के लिए “रीड, राइट और रिवाइज” का मंत्र अपनाने के साथ इंटरनेट का उपयोग केवल जरूरी और सीमित चीजों की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी।

विकसित भारत 2047 का दिया संदेश

कलेक्टर श्री कन्याल ने छात्रों से विकसित भारत 2047 के विषय में चर्चा करते हुए उन्हें देश के विकास में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

स्वस्थ जीवन और खेल से जुड़ने की सलाह

कलेक्टर ने छात्रों को स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या अपनाने तथा खेल गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ शारीरिक गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं।

अच्छे नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित

कलेक्टर श्री कन्याल ने बच्चों को जीवन में अनुशासन, जिम्मेदारी और अच्छे संस्कारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छा करियर बनाना ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार और अच्छे नागरिक बनना भी है। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर श्री कन्याल ने अच्छे कार्य करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए तथा साइकिल का वितरण भी किया। इसके बाद बच्चों और स्कूल स्टाफ के साथ सामूहिक फोटो खिंचवाई।

इसके बाद कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित सिलाई सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से सेंटर में किए जा रहे कार्यों, उत्पादन और बिक्री के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें प्रोत्साहित किया। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बच्चों से संवाद किया और उन्हें खाद्य सामग्री भी वितरित की।


एक एकड़ भूमि से ₹4 से ₹6 लाख तक वार्षिक आय प्राप्त कर रहे कृषक राकेश केवट

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने उद्यानिकी एवं कृषि गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान ग्राम आरोन के कृषक श्री राकेश केवट द्वारा आधुनिक एवं वैज्ञानिक उद्यानिकी तकनीकों से किए जा रहे सब्जी उत्पादन की जानकारी ली। कृषक श्री राकेश केवट द्वारा एक एकड़ भूमि में टमाटर, लौकी, करेला एवं अन्य सब्जियों की खेती की जा रही है। उत्पादन लागत को नियंत्रित करने तथा जल एवं पोषक तत्वों की दक्षता बढ़ाने के लिए कृषक द्वारा ड्रिप इरीगेशन, मल्चिंग एवं फर्टिगेशन आधारित पोषक तत्व प्रबंधन का समन्वित उपयोग किया जा रहा है कृषक श्री राकेश केवट द्वारा एक एकड़ क्षेत्र से लगभग ₹4 से ₹6 लाख तक वार्षिक आय प्राप्त की जा रही है।

उन्नत कृषि यंत्रीकरण से बढ़ेगी कृषक की कार्यक्षमता

इसके बाद भ्रमण के दौरान यंत्रीकरण योजना अंतर्गत उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, जिला गुना के माध्यम से कृषक श्री हेमराज अहिरवार, पिता श्री कल्ला अहिरवार, ग्राम कुमरयाई, विकासखंड आरोन को 20 एचपी फोर व्हील ड्राइव ट्रैक्टर का हितलाभ प्रदान किया गया। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा कृषक को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। शासन द्वारा कृषक को ₹2,44,844/- (रुपये दो लाख चवालीस हजार आठ सौ चवालीस मात्र) की अनुदान राशि सहायता स्वरूप प्रदान की गई।


Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.