मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलीं शासकीय सेवाएं
नामांतरण, प्रमाण-पत्र से लेकर आयुष्मान कार्ड तक के प्रकरणों पर हुई कार्रवाई, पात्र हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
गुना
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को आरोन विकासखंड की ग्राम पंचायत रामपुर में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आरोन क्षेत्र की 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ दिया गया। नामांतरण, बटांकन, बंटवारा, जाति एवं मूल निवासी प्रमाण-पत्र, पात्रता पर्ची, आधार एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न प्रकरणों पर कार्रवाई की गई। पात्र प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही संबल योजना के 5 हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये, मुद्रा ऋण योजना के 3 आवेदकों को कुल 3 लाख रुपये तथा 02 स्व-सहायता समूह को 6.50 लाख रुपये की राशि का लाभ दिया गया। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत वृद्धा अवस्था पेंशन योजना सहित अन्य विभागों की योजनाओं का हितलाभ प्रदान किया गया।
फील्ड भ्रमण के बाद ग्रामीणों से सीधा संवाद
शिविर से पहले विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्राम क्षेत्र का भ्रमण कर संबंधित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद पंचायत भवन में आयोजित शिविर में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, डीएफओ श्री अक्षय राठौर सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं। शिविर के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत एवं कन्या पूजन किया गया।
विभिन्न सेवाओं के प्रकरणों पर मौके पर हुई कार्रवाई
शिविर में ग्रामीणों के आवेदनों का पंजीयन कर उन्हें संबंधित विभागों को उपलब्ध कराया गया। नामांतरण, बटांकन, बंटवारा, रजिस्ट्री, पीएम किसान, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, पात्रता पर्ची, आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सेवाओं से जुड़े प्रकरणों पर कार्रवाई की गई। पात्रता पूरी करने वाले प्रकरणों में मौके पर आवश्यक कार्यवाही की गई तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों से हुआ उद्यम संवाद
शिविर में उद्यमियों, नए स्टार्टअप एवं स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया। किसान, वेल्डर, पेंटर सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़े लोगों ने संवाद में सहभागिता की। इस दौरान अधिकारियों ने उनकी गतिविधियों, सामने आ रही समस्याओं एवं व्यवसाय विस्तार की आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हितग्राहियों ने बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्राप्त प्रशिक्षण, सहयोग एवं वित्तीय सहायता से उन्हें स्वरोजगार शुरू करने तथा अपनी गतिविधियों का विस्तार करने में मदद मिली है।
जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की गई।
शिविर में एसडीएम आरोन सुश्री मंजुषा खत्री सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
