आरोन की ग्राम पचांयत कस्बामढी में सरपंच पद के लिये मतदान 29 सितम्बर को
पंचायत उप निर्वाचन के मद्देनजर संबंधित क्षेत्र में मदिरा दुकानें रहेंगी बंद
गुना
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 के कार्यक्रम अनुसार गुना जिले में रिक्त 07 पंच एवं 01 सरपंच के निर्वाचन होना हैं।
स्थानीय निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जनपद पंचायत आरोन की ग्राम पंचायत कस्बामढी में रिक्त 01 सरपंच पद के लिये 06 अभ्यर्थी के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार जनपद पंचायत आरोन की ग्राम पंचायत में रिक्त पंच के लिये डगराई, आमोदा, पहारूआ, हिनौतिया, रूसल्लीकलां, सिरसी एवं शहवाजपुर में पंच पद के एक-एक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त होने से निर्वाचन निर्विरोध सम्पन्न हो गया हैं।
ग्राम पंचायत कस्बामढी में रिक्त सरपंच पद के मतदान 29 सितम्बर को प्रात: 07 से अपरान्ह 3.00 बजे तक होगा। जिसकी मतगणना दिनांक 03 अक्टूबर 2026 को सामुदायिक भवन जनपद पंचायत आरोन में प्रात: 08:00 बजे से की जावेगी।
पंचायत उप निर्वाचन के मद्देनजर संबंधित क्षेत्र में मदिरा दुकानें रहेंगी बंद
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा पंचायत के उप निर्वाचन वर्ष 2026 हेतु मतदान एवं मतगणना के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 (1) में प्रदत्त शक्तियों के प्रयोग करते हुये संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में मदिरा दुकान को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार विकासखण्ड आरोन की ग्राम पंचायत कस्वामढी़ क्षेत्र में स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान पनवाडी़ हाट 27 सितम्बर, 2026 को अपरांह 03 बजे से 29 सितम्बर, 2026 को मतदान समाप्ति तक बंद रहेगी।
