9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ: गुना में निकाली गई जन-जागरूकता रैली
Guna- कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले भर में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 (09 सितंबर से 08 अक्टूबर) का औपचारिक शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर पोषण माह का शुभांरभ वाराणसी उत्तरप्रदेश से आयोजित किया गया। जिसे जिला, परियेाजना एवं आंगनबाडी केन्द्रों पर आंगनबाडी कार्यकर्ता /सहायिका तथा हितग्राहियों द्वारा बेवकास्ट के माध्यम से देखा गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गुना में जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से जन-जन को सुपोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
रैली का नेतृत्व जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) श्री दिनेश चंदेल तथा उप संचालक सामाजिक न्याय एवं सहायक संचालक श्री रिशु कुमार सुमन की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी श्रीमती अरुणा पांडे, विभाग के समस्त पर्यवेक्षक तथा बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने सहभागिता की।
'सही पोषण, देश रोशन' के नारों से गूंजा शहर जागरूकता रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और मुख्य बैनर लेकर "सही पोषण, देश रोशन" तथा "हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी" जैसे प्रेरक नारों के साथ नगरवासियों को पोषण सुरक्षा का संदेश दिया। रैली के माध्यम से जनसामान्य को संतुलित आहार, स्वच्छता और बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति संवेदनशील बनाया गया।
नागरिकों और हितग्राहियों से विशेष अपील
इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा अपील की गई कि समस्त पात्र हितग्राही—विशेषकर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चे, गर्भवती माताएं एवं धात्री माताएं—नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाओं एवं पोषण आहार का पूरा लाभ उठाएं। कुपोषण मुक्त भारत और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
माह भर आयोजित होंगी विविध गतिविधियां
09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले इस 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर पूरे महीने अलग-अलग थीम पर केंद्रित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें पोषण पंचायतें, पोषण वाटिका विकास, स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा, एनीमिया जांच व परामर्श शिविर और सामुदायिक संगोष्ठियां शामिल रहेंगी।
