Type Here to Get Search Results !

कचरा प्रबंधन में लापरवाही पर सख्ती, जागरूकता के साथ होगी चालानी कार्रवाई

कचरा प्रबंधन में लापरवाही पर सख्ती, जागरूकता के साथ होगी चालानी कार्रवाई


सुबह 7 बजे से मैदान में उतरेगी सफाई टीम, कचरा पृथक्करण और पुनः उपयोग पर रहेगा विशेष जोर


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगरीय निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल शिकायत मिलने पर ही सफाई व्यवस्था सक्रिय न हो, बल्कि नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से पहले से ही समस्याओं की पहचान कर उनका निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने और समझाइश देने के साथ-साथ नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की जाए। खुले में कचरा फेंकने, सार्वजनिक स्थलों को गंदा करने, जल संसाधनों को प्रदूषित करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं अपशिष्ट के संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सुबह 7 बजे से सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग

कलेक्टर ने कहा कि सफाई व्यवस्था में प्रभावी सुधार के लिए सफाई टीम सुबह 7 बजे से अपने निर्धारित क्षेत्रों में सक्रिय हो। अधिकारी भी मैदानी स्तर पर मौजूद रहकर सफाई कार्य की निगरानी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था केवल शिकायतों के आधार पर संचालित न हो, बल्कि अधिकारी स्वयं क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करें।


कचरा पृथक्करण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर

उन्होंने निर्देश दिए कि घरों एवं अन्य स्थानों से एकत्र किए जा रहे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था मजबूत की जाए। इसके लिए आवश्यक संख्या में वॉलंटियर्स तैयार किए जाएं तथा नागरिकों को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए लगातार जागरूक किया जाए।


गीले और सूखे कचरे के पुनः उपयोग की तैयार होगी कार्ययोजना

कलेक्टर ने कहा कि पृथक किए गए कचरे के निस्तारण के साथ-साथ उसके पुनः उपयोग और विक्रय की भी प्रभावी व्यवस्था तैयार की जाए। उन्होंने बताया कि गीले कचरे का उपयोग बायोगैस सहित अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार करने में किया जा सकता है, जबकि सूखे कचरे को कबाड़ एवं रिसाइक्लिंग से जुड़ी एजेंसियों को दिया जा सकता है। इस दिशा में संबंधित एजेंसियों और फर्मों से समन्वय कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।


शिकायत का इंतजार नहीं, पहले से होगी नियमित मॉनिटरिंग

कलेक्टर ने कहा कि नगरपालिका की टीम किसी शिकायत के बाद ही सक्रिय हो, यह व्यवस्था उचित नहीं है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने स्तर पर नियमित निगरानी करते हुए समस्याओं का पहले से पता लगाना होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.