Type Here to Get Search Results !

दबंगई दिखाकर शराब के लिए रुपये मांगने एवं मारपीट के गंभीर मामले में आरोन थाना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही

 दबंगई दिखाकर शराब के लिए रुपये मांगने एवं मारपीट के गंभीर मामले में आरोन थाना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही


*फरार दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल, शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में आरोन थाना पुलिस द्वारा, दबंगई दिखाकर शराब के लिए रुपये मांगने एवं मारपीट के गंभीर मामले में सक्रियता से कार्यवाही करते हुए प्रकरण में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 24 फरवरी 2026 को फरियादी अनिकेत जैन उम्र 25 वर्ष निवासी प्रताप मार्ग आरोन के द्वारा आरोन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आज वह अपने घर के पास स्थित बाड़े में मिस्त्री से ओमनी वैन के सेल्फ की मरम्मत करा रहा था । इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मोहल्ले में रहने वाले शिवभान सिंह सोलंकी अपने पुत्रों सूरज एवं कुनाल के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए रुपयों की मांग करने लगे । उसके द्वारा रुपये देने से मना करने पर उन्होंने उसके साथ डंडों से मारपीट की । बीच-बचाव करने पहुंचे उसके ताऊ प्रताप जैन, छोटी बहन अनामिका एवं मिस्त्री असलम के साथ भी उनके द्वारा मारपीट की गई । इसी दौरान उनके अन्य साथी करण सोलंकी, भूरी सोलंकी एवं पूजा सोलंकी भी वहां आ गए और उनके द्वारा भी मारपीट की गइ । इसके साथ ही मौके पर खड़ी ओमनी वैन में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त किया गया । घटना की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करने का प्रयास कर रही उसकी बहन अनामिका का मोबाइल भी उनके द्वारा छीनकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया ।


               फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपीगण शिवभान सोलंकी, सूरज सोलंकी, कुनाल सोलंकी, करण सोलंकी, भूरी सोलंकी एवं पूजा सोलंकी सभी निवासी प्रताप मार्ग आरोन के विरुद्ध आरोन थाने में अपराध क्रमांक 48/26, धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 119(1), 324(4), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई । विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 119(2) बीएनएस का इजाफा किया गया ।


               प्रकरण के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरोन थाना पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे । इसमें पुलिस की सक्रिय एवं सतत कार्यवाही के परिणामस्वरूप आज दिनांक 15 सितंबर 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर प्रकरण में फरार दो आरोपियों 1. करण पुत्र राघवेंद्र सिंह सोलंकी उम्र 26 वर्ष एवं 2. सूरज उर्फ सूर्यभान पुत्र शिवभान सिंह सोलंकी उम्र 19 वर्ष दोनों निवासी प्रताप मार्ग, आरोन को गिरफ्तार कर लिया गया तथा विधिवत कार्यवाही उपरांत उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है । प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए आरोन थाना पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ।


               आरोन थाना पुलिस की इस सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही में इंचार्ज थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज कुशवाह, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र गुर्जर, प्रधान आरक्षक दिनेश शर्मा, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र पाल, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, आरक्षक गौरव शर्मा, आरक्षक दिलीप, आरक्षक भूपेन्द्र जाट एवं आरक्षक प्रताप मौर्य की सराहनीय भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.