*डीआईजी ग्वालियर रेंज डॉ. श्री आसित यादव ने किया गुना पुलिस कार्यप्रणाली का वार्षिक निरीक्षण
*लाल परेड मैदान पर पुलिस परेड का निरीक्षण, उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत*
*गुना पुलिस की हाईटेक कार्यप्रणाली को मिला नया आयाम - ई-प्रबंध, कवच एवं क्वार्टर मैनेजमेंट एप का शुभारंभ*
*‘कॉप ऑफ द मंथ’ एवं ‘उत्कृष्ट थाना’ पुरस्कार से उत्कृष्ट पुलिसिंग को मिला प्रोत्साहन*
*सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, शीघ्र निराकरण हेतु किया आश्वस्त*
*राघौगढ़ जनसंवाद में आमजन से किया सीधा संवाद, मौके पर ही शिकायतों का कराया निराकरण*
पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज डॉ. श्री आसित यादव (भा.पु.से.) द्वारा गुना पुलिस कार्यों के वार्षिक निरीक्षण हेतु गुना जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न पुलिस इकाइयों, कार्यालयों एवं पुलिस वेलफेयर व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया । इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे ।
*लाल परेड मैदान पर पुलिस परेड का किया निरीक्षण :-*
डीआईजी डॉ. श्री आसित यादव द्वारा प्रातः गुना पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित पुलिस परेड का निरीक्षण किया गया । उन्होंने परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के टर्नआउट, अनुशासन एवं परेड संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया । इस दौरान जिन पुलिसकर्मियों का टर्नआउट उत्कृष्ट पाया गया, उन्हें पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया । वहीं अपेक्षानुरूप टर्नआउट नहीं पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों को आवश्यक सुधार हेतु समझाइश दी गई ।
*पुलिस वेलफेयर व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा :-*
परेड के उपरांत डीआईजी डॉ. श्री यादव द्वारा पुलिस जिम एवं पुलिस केंटीन का निरीक्षण किया गया । उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध वेलफेयर सुविधाओं, उनके रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
*गुना पुलिस की हाईटेक कार्यप्रणाली को मिला नया आयाम :-*
गुना पुलिस द्वारा पुलिसिंग को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तैयार किए गए तीन महत्वपूर्ण एप्लीकेशन्स ई-प्रबंध, कवच एवं क्वार्टर मैनेजमेंट का डीआईजी डॉ. श्री आसित यादव द्वारा शुभारंभ किया गया ।
ई-प्रबंध एप के माध्यम से पुलिस कर्मचारियों की ऑनलाइन ड्यूटी लगाई जाएगी तथा ड्यूटी से संबंधित प्रमाण-पत्र भी संबंधित पुलिसकर्मी के मोबाइल पर उपलब्ध होगा । इस एप के माध्यम से ड्यूटी के दौरान निर्धारित मानकों के आधार पर कर्मचारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर उन्हें ग्रेड नंबर दिए जाएंगे । कवच एप के माध्यम से जिले में पुलिस पेट्रोलिंग एवं गश्त की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे पुलिस गश्त व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा । वहीं क्वार्टर मैनेजमेंट एप के माध्यम से पुलिस कर्मचारियों के लिए उपलब्ध शासकीय आवासों का नियमानुसार डिजिटल आबंटन किया जाएगा । इन तकनीकी नवाचारों के माध्यम से गुना पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक डिजिटल, पारदर्शी, सुव्यवस्थित, परिणामोन्मुखी एवं दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल का शुभारंभ किया गया है ।
*‘कॉप ऑफ द मंथ’ एवं ‘उत्कृष्ट थाना’ पुरस्कार से उत्कृष्ट कार्य को मिला प्रोत्साहन :-*
गुना पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों में कार्य के प्रति उत्साह, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘कॉप ऑफ द मंथ’ की अभिनव व्यवस्था प्रारंभ की गई है । ई-प्रबंध एप के माध्यम से पुलिस कर्मचारियों की ऑनलाइन ड्यूटी लगाई जाती है तथा ड्यूटी के समय एवं कार्य निष्पादन से संबंधित निर्धारित मानकों के आधार पर कर्मचारियों को ग्रेड नंबर प्रदान किए जाते हैं । प्रत्येक माह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी को ‘कॉप ऑफ द मंथ’ के रूप में पुरस्कृत किया जाता है । इस क्रम में आज सउनि मेहरबान सिंह रघुवंशी को उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘कॉप ऑफ द मंथ’ का पुरस्कार डीआईजी ग्वालियर रेंज डॉ. श्री आसित यादव द्वारा प्रदान किया गया ।
इसी प्रकार थाना स्तर पर भी उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के लिए ‘उत्कृष्ट थाना’ पुरस्कार की शुरुआत की गई है । इसके अंतर्गत प्रतिमाह थानों द्वारा अपराधों का निकाल, शिकायतों के निराकरण, माल निकाल सहित विभिन्न पुलिसिंग कार्यों में किए गए प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाने का चयन कर पुरस्कृत किया जाता है । इस माह उत्कृष्ट कार्य के लिए मधुसूदनगढ़ थाना का चयन किया गया, जिसके लिए थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल चौबे को डीआईजी डॉ. श्री आसित यादव द्वारा पुरस्कृत किया गया । गुना पुलिस की इस अभिनव व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए निरंतर प्रेरित करना तथा उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्रोत्साहन एवं पहचान प्रदान करना है ।
*सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं :-*
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित सैनिक सम्मेलन (कर्मचारी दरबार) में डीआईजी डॉ. यादव ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना । उन्होंने पुलिसकर्मियों द्वारा रखी गई समस्याओं के शीघ्र एवं यथासंभव निराकरण हेतु आश्वस्त किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए । कर्मचारी दरबार के माध्यम से पुलिस बल की समस्याओं को समझने एवं उनके समाधान की दिशा में प्रभावी संवाद स्थापित किया गया ।
*पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता को किया संबोधित :-*
डीआईजी डॉ. श्री आसित यादव द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता को संबोधित किया गया तथा गुना पुलिस की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न पुलिसिंग गतिविधियों के संबंध में जानकारी साझा की गई ।
*पुलिस अधीक्षक कार्यालय का किया निरीक्षण :-*
डीआईजी डॉ. श्री यादव द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्यालयीन स्टाफ से परिचय प्राप्त किया गया तथा उनके द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा की गई । उन्होंने कार्यालयीन कार्यों के सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध निष्पादन पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
*राघौगढ़ के आईटीआई मैदान में जनसंवाद, आमजन से किया सीधा संवाद :-*
वार्षिक निरीक्षण के दौरान डीआईजी डॉ. श्री आसित यादव द्वारा राघौगढ़ के आईटीआई मैदान में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होकर आमजन से सीधा संवाद किया गया । इस दौरान क्षेत्र के नागरिकों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव डीआईजी के समक्ष प्रस्तुत किए गए । डीआईजी डॉ. यादव द्वारा आमजन की शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया । कार्यक्रम के दौरान ऐसी शिकायतें, जिनका तत्काल निराकरण संभव था, उनका मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के माध्यम से निराकरण कराया गया । जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए नागरिकों की समस्याओं को सुनने तथा उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई ।
*थाना केंट एवं राघौगढ़ थाने का निरीक्षण :-*
दिनांक 28 सितम्बर 2026 की रात्रि में गुना पहुंचने के उपरांत डीआईजी श्री यादव द्वारा केंट थाने का निरीक्षण किया गया, जहां उन्होंने थाना स्तर की पुलिसिंग एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया । इसके बाद आज दिनांक 29 सितंबर 2026 को राघौगढ़ में जनसंवाद कार्यक्रम के उपरांत राघौगढ़ थाने का भी निरीक्षण किया । इस अवसर पर उन्होंने थाने के महत्वपूर्ण अभिलेखों, थाना भवन, शस्त्रागार, हवालात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा थाना स्टाफ से संवाद कर पुलिस कार्यप्रणाली एवं लंबित कार्यों की जानकारी ली । इस दौरान डीआईजी श्री यादव द्वारा थाना स्तर पर व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं प्रभावी पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान डीआईजी श्री यादव द्वारा गुना पुलिस की कार्यप्रणाली, पुलिस बल की दक्षता, अनुशासन, पुलिस वेलफेयर व्यवस्थाओं, कार्यालयीन कार्यप्रणाली, तकनीकी नवाचारों तथा आमजन से संवाद की व्यवस्थाओं का व्यापक अवलोकन किया गया ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, डीएसपी मुख्यालय श्री जमीलउद्दीन सिद्दीकी, प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय, एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना, एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे, एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा, डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, कार्यालयीन स्टाफ एवं पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे ।

