Type Here to Get Search Results !

आरोन थानांतर्गत ग्राम बारौद में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण मामले में पुलिस की सक्रिय कार्यवाही

 आरोन थानांतर्गत ग्राम बारौद में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण मामले में पुलिस की सक्रिय कार्यवाही


*मृतक को मानसिक रूप से प्रताडित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में घटित गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में प्रत्येक पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर प्रभावी एवं वैधानिक कार्यवाहियां की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में थाना आरोन प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार एवं उनकी टीम द्वारा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण मामले में प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 03 जून 2026 को आरोन थाना क्षेत्र के ग्राम बारौद निवासी अशोक पुत्र गोविन्द यादव उम्र 35 वर्ष द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली गई थी । घटना की सूचना पर आरोन थाना पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई ।


               मर्ग जांच के दौरान पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों एवं अन्य साक्षियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच की गई । जांच में सामने आया कि दिनांक 07 मई 2026 को इंद्रभान यादव, अंकेश यादव, धर्मेन्द्र यादव एवं धर्मवीर यादव निवासीगण ग्राम बारौद द्वारा मृतक अशोक यादव के साथ मारपीट की गई थी । इसके बाद से ही चारों आरोपी उसे लगातार परेशान एवं प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके चलते मृतक अत्यधिक मानसिक तनाव में रहने लगा था । इसी मानसिक प्रताड़ना के कारण उसने दिनांक 03 जून 2026 को जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली । मर्ग जांच में प्राप्त तथ्यों एवं साक्षियों के कथनों के आधार पर दिनांक 06 जून 2026 को उक्त चारों आरोपियों के विरुद्ध आरोन थाने में अप.क्र. 168/26, धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।


               प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल प्रयास प्रारंभ किए गए । लगातार की जा रही तलाश एवं दबिशों के परिणामस्वरूप आज दिनांक 07 सितंबर 2026 को प्रकरण के एक आरोपी अंकेश पुत्र इंद्रभान सिंह यादव उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम बारौद, थाना आरोन को गिरफ्तार कर लिया गया । आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया । प्रकरण में फरार शेष आरोपीगण इंद्रभान यादव, धर्मेन्द्र यादव एवं धर्मवीर यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है ।


               आरोन थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार, उपनिरीक्षक पंकज कुशवाह, सउनि जितेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक दिनेश शर्मा, प्रधान आरक्षक रविंद्र रघुवंशी, प्रधान आरक्षक दीपक त्रिपाठी, आरक्षक शुभम यादव, आरक्षक गौरव शर्मा एवं आरक्षक वृत कुमार यादव की विशेष भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने जैसे संवेदनशील मामलों में प्रत्येक तथ्य एवं परिस्थिति की निष्पक्षता से जांच करते हुए दोषियों के विरुद्ध प्रभावी एवं वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.