*गुना पुलिस का वारंटी धरपकड़ अभियान लगातार जारी*
बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने भरण-पोषण के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार वारंटी किया गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न प्रकरणों में फरार आरोपियों, वारंटियों एवं इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगातार सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार और उनकी टीम द्वारा तत्परता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए भरण-पोषण के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार किया गया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 में हटे सिंह पुत्र तोरन सिंह अहिरवार निवासी ग्राम खिरिया थाना बजरंगगढ़ का विवाह वर्षा अहिरवार निवासी ग्राम घटावदा के साथ हुआ था । दोनों का एक पुत्र भी है । विवाह के कुछ समय बाद हटे सिंह द्वारा अपनी पत्नी को परेशान करने तथा उसे छोड़ देने के बाद उसकी पत्नी द्वारा भरण-पोषण के लिए माननीय कुटुम्ब न्यायालय गुना में प्रकरण प्रस्तुत किया गया था । प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा हटे सिंह अहिरवार को अपनी पत्नी के भरण-पोषण के लिए राशि अदा करने के निर्देश दिए गए थे । निर्धारित भरण-पोषण राशि अदा नहीं किए जाने पर कुल 47,500 रुपये की राशि की वसूली एवं आरोपी की गिरफ्तारी हेतु माननीय कुटुम्ब न्यायालय गुना द्वारा न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 264/24 में दिनांक 17 अगस्त 2026 को वारंट जारी किया गया था ।
इसी दौरान आरोपी हटे सिंह द्वारा अपनी पहली पत्नी से तलाक लिए बिना एवं उसके जीवित रहते दूसरी शादी कर ली गई और वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ राजस्थान में कहीं जाकर रहने लगा । आरोपी द्वारा दूसरी शादी किए जाने की शिकायत उसकी पहली पत्नी वर्षा अहिरवार द्वारा केंट थाने में दर्ज कराई गई । शिकायत पर केंट थाने में दिनांक 11 सितंबर 2026 को आरोपी हटे सिंह अहिरवार के विरूद्ध अपराध क्रमांक 787/26, धारा 82(1), 85 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया ।
वारंटी हटे सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी । इसके लिए पुलिस ने अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी माध्यमों से भी लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी । इसी क्रम में दिनांक 23 सितंबर 2026 को बजरंगगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वारंटी हटे सिंह राजस्थान से अपने घर गुना आया हुआ है । सूचना को गंभीरता से लेते हुए बजरंगगढ़ थाना पुलिस की टीम तत्काल उसकी तलाश में रवाना हुई । पुलिस टीम द्वारा साइबर सेल की सहायता से सतत तकनीकी विश्लेषण करते हुए अंतत: वारंटी हटे सिंह पुत्र तोरन सिंह अहिरवार उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम खिरिया थाना बजरंगगढ़, हाल चौरसिया कॉलोनी थाना केंट गुना को गुना के बूढ़े बालाजी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया ।
बजरंगगढ़ थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, सउनि भंवर सिंह, प्रधान आरक्षक दिलीप कलावत, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण धाकड़, प्रधान आरक्षक अंजू तोमर एवं साइबर सेल से आरक्षक भूपेन्द्र खटीक व आरक्षक अभय रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।
