*अवैध शराब के विरुद्ध गुना पुलिस की निरंतर कार्यवाही*
चांचौड़ा थाना पुलिस ने अवैध रूप से देशी/अग्रेजी शराब बिक्रय करते आरोपी किया गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं इसकी तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण तथा चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी और उनकी टीम द्वारा थानांतर्गत अवैध देशी/अंग्रेजी शराब बिक्रय की सूचना पर तत्परता का परिचय देकर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से देशी/अंग्रेजी/वीयर शराब बरामद की गई है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 23 सितंबर 2026 को चांचौड़ा थाना अंतर्गत बीनागंज चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चांचौड़ा के ढीमर मौहल्ला निवासी सुनील भील अवैध रूप से देशी/अंग्रेजी शराब बेच रहा है । अवैध शराब बिक्रय की सूचना को गंभीरता से लेते हुए बीनागंज चौकी से पुलिस की एक टीम द्वारा तत्काल ढीमर मौहल्ला में मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर देखा, तो वहां पर मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगा । लेकिन पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया । पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील पुत्र नैनकराम भील उम्र 25 साल निवासी ग्राम आमासोर हाल चांचौड़ा जिला गुना का बताया । पुलिस द्वारा जांच करने पर उसके कब्जे से शराब की चार पेटियों में अंग्रेजी शराब आरसी के 43 क्वाटर, सफेद प्लेन देशी शराब के 70 क्वाटर एवं वीयर की 24 बोतलें बरामद हुईं । आरोपी के कब्जे से बरामद शराब कुल कीमती करीबन 21340/-रूपये को पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया । पूछताछ पर उसके द्वारा उक्त शराब सचिन राजपूत एवं बलराम राजपूत निवासीगण चाचौडा की होना तथा उनके कहे अनुसार शराब बेचना बताया, जिस पर से प्रकरण में सचिन राजपूत एवं बलराम राजपूत को भी आरोपी शुमार कर तीनों के विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 323//26 धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर फरार आरोपियों की तलाश की गई और चंद समय में ही फरार दोनों आरोपी सचिन पुत्र मुकेश राजपूत एवं बलराम पुत्र गोपाल राजपूत निवासीगण चाचौडा को भी गिरफ्तार कर लिया गया ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी आरक्षक शिवप्रताप सिंह, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अजय समाधिया एवं आरक्षक नवदीप शर्मा की सराहनीय भूमिका रही है ।
