अनंत चतुर्दशी पर गुना पुलिस की विशेष यातायात व्यवस्था
*श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात के लिए दोपहर 2 बजे से रात्रि 12 बजे तक लागू रहेंगे यातायात प्रतिबंध एवं डायवर्शन*
*मूर्ति विसर्जन स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर रहेगी पुलिस बल की तैनाती, आपातकालीन सेवा वाहनों को रहेगी छूट*
अनंत चतुर्दशी पर्व के अवसर पर शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन एवं विभिन्न स्थानों पर होने वाले मूर्ति विसर्जन को दृष्टिगत रखते हुए आमजन की सुविधा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए गुना पुलिस द्वारा विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है । दोपहर 14:00 बजे से रात्रि 24:00 बजे तक शहर में निम्नानुसार यातायात प्रतिबंध एवं डायवर्शन व्यवस्था प्रभावी रहेगी—
*1. भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित -*
निर्धारित अवधि में सभी भारी मालवाहक वाहनों का गुना शहर के भीतर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा । अशोकनगर तरफ से गुना की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहन शाढ़ोरा–नई सराय–म्याना मार्ग से होकर NH-46 तक जा सकेंगे । इसी प्रकार NH-46 से अशोकनगर की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों के लिए भी यही वैकल्पिक मार्ग निर्धारित रहेगा ।
*2. बसों के लिए निर्धारित रहेगा प्रवेश मार्ग -*
शिवपुरी–ग्वालियर एवं ब्यावरा–इंदौर की ओर से आने वाली बसों को चिंताहरण की ओर से प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान नानाखेड़ी की ओर से बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा ।
*3. भुल्लनपुरा तिराहा से जय स्तंभ चौराहा मार्ग पर डायवर्शन -*
भुल्लनपुरा तिराहा से जयस्तंभ चौराहा की ओर जाने वाले व्यावसायिक एवं मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा । ऐसे वाहनों के लिए बजरंगगढ़ बायपास–मारुति शोरूम तिराहा होते हुए जय स्तंभ चौराहा की ओर जाने का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है ।
*4. हनुमान चौराहा एवं कोतवाली रोड पर व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित -*
दोपहर 14:00 बजे से रात्रि 24:00 बजे तक हनुमान चौराहा से हाट रोड़ तथा जय स्तंभ चौराहा से कोतवाली रोड़ की ओर व्यावसायिक एवं मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा ।
*5. विसर्जन स्थलों पर रहेगी विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था -*
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर होने वाले मूर्ति विसर्जन को दृष्टिगत रखते हुए सिंगवासा तालाब, भुजरिया तालाब एवं अन्य प्रमुख विसर्जन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा ।
इन स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं । पुलिस बल द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित किया जाएगा ।
*6. आपातकालीन एवं अति आवश्यक सेवाओं को प्रतिबंध से छूट -*
एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन तथा अन्य आपातकालीन एवं अति आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को उक्त यातायात प्रतिबंधों छूट रहेगी ।
गुना पुलिस की सभी श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील है कि अनंत चतुर्दशी पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करें । निर्धारित डायवर्शन एवं यातायात व्यवस्था का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें । आपका सहयोग, पर्व को सुरक्षित एवं सुगम बनाने में महत्वपूर्ण योगदान है ।
