ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन से महंगे मोबाइल मंगाते, रिफंड भी लेते और मोबाइल भी रख लेते
*प्रकरण में कैंट थाना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही*
*पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से 17 मोबाइल फोन, कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये के बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं अन्य आर्थिक अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सशक्त कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव एवं उनकी टीम द्वारा ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन की रिफंड प्रक्रिया का दुरुपयोग कर महंगे मोबाइल फोन हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है ।
दिनांक 02 सितंबर 2026 को धोखाधड़ी के इस नेटवर्क में शामिल कुल 14 आरोपियों के विरुद्ध कैंट थाने में अपराध क्रमांक 758/26, धारा 318(4), 319(2), 316(2), 61(2) बीएनएस एवं 66(C), 66(D) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।
कैंट थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी शोखर मीना निवासी ग्राम विलौदा एवं तरूण शर्मा निवासी साडा कॉलोनी राघौगढ़ को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक ईव्ही कार कीमत करीब 35 लाख रुपये एवं 03 मोबाइल फोन कीमत करीब 03 लाख रुपये, इस प्रकार कुल करीब 38 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया था ।
प्रकरण में पुलिस द्वारा निरंतर कार्यवाही करते हुए दिनांक 06 सितंबर 2026 को दो और आरोपियों सुमित मीना निवासी ग्राम लालोनी एवं नमन शर्मा निवासी बारां, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर विधिवत पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया । पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई तथा ऑनलाइन ठगी से प्राप्त मोबाइल फोन, उनकी बिक्री एवं इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में जानकारी जुटाई गई । आरोपियों से पूछताछ एवं निशानदेही के आधार पर पुलिस द्वारा बरामदगी की कार्यवाही करते हुए उनके कब्जे से कुल 17 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये है ।
पुलिस द्वारा प्रकरण में सामने आए तथ्यों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ऑनलाइन ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं इसके अन्य पहलुओं की भी विस्तृत जांच की जा रही है । प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है ।
कैंट थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, सउनि गिर्राज जाटव, प्रधान आरक्षक अमित तिवारी, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक विकास राजपूत, आरक्षक नीतेश पटेल, आरक्षक रामनिवास शर्मा, आरक्षक देवेन्द्र नरूका, आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक महेंद्र वर्मा, आरक्षक राजू बघेल, आरक्षक रवि जाट, आरक्षक शुभम रघुवंशी, आरक्षक हरवीर बागड़ी एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक का सराहनीय योगदान रहा है ।
