संजय स्टेडियम में लेदर बॉल क्रिकेट के लिए जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित
चयनित खिलाड़ी संभाग स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
गुना
जिले में स्कूली विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को संजय स्टेडियम, गुना में 19 वर्ष बालक वर्ग लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में गुना जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला स्तरीय ट्रायल में गुना, राघौगढ़ एवं चांचौड़ा विकासखंड के लगभग 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सुबह से ही संजय स्टेडियम में खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, तकनीक, फिटनेस, अनुशासन तथा मैदान पर प्रदर्शन के विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया गया। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी संभाग स्तर पर गुना जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
लेदर बॉल क्रिकेट की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता श्योपुर में आयोजित होगी जिसमें चयनित खिलाड़ी गुना जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे ।
