न्यायाधिपति कृष्न राम महापात्र ने ली छग हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने न्यायाधिपति कृष्न राम महापात्र को आज लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में उच्च न्यायालय , छत्तीसगढ़ के सोलहवें मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इसके पूर्व कृष्न राम महापात्र उड़ीसा हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज के पद पर कार्यरत थे। राज्यपाल डेका ने मुख्य न्यायाधीश कृष्न राम महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी। राज्यपाल ने मुख्य न्यायाधीश महापात्र को बधाई एवं शुभकामनायें दीं। समारोह में मुख्य न्यायाधीश महापात्र की धर्मपत्नी श्रीमती अनिता महापात्र सहित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन प्रदेश के मुख्य सचिव विकास शील द्वारा किया गया तथा उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा , स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव , स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल , केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू , पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , पूर्व राज्यपाल रमेश बैस , राज्य सभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि , अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू , प्रमुख सचिव गृह विभाग श्रीमती निहारिका बारिक , पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम , राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना , महाधिवक्ता विवेक शर्मा , उच्च न्यायालय बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं हाईकोर्ट के अधिवक्तागण उपस्थित थे।
