*अवैध शराब माफियाओं के विरुद्ध गुना पुलिस का लगातार प्रहार*
म्याना थाना पुलिस ने अवैध कच्ची शराब सहित आरोपी किया गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं इसकी तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में म्याना थाना पुलिस द्वारा अवैध शराब विक्रय की सूचना पर तत्परता से कार्यवाही करते हुए एक आरोपी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई है ।
उल्लेखनीय है कि गत दिनांक 12 सितंबर 2026 को म्याना थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भैरोघाटी-नेगमा रोड पर नाले के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक की दो बड़ी केनों में अवैध कच्ची शराब लेकर बिक्री करने की फिराक में बैठा हुआ है । सूचना को गंभीरता से लेते हुए म्याना थाने से पुलिस की एक टीम तत्काल मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर पहुंची । टीम द्वारा घेराबंदी कर मौके से संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया । पूछताछ में उसने अपना नाम प्रकाश पुत्र गुलाब खेरुआ उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम भैरोघाटी, थाना म्याना जिला गुना बताया । उसके कब्जे में मिली दोनों प्लास्टिक केनों की जांच करने पर उनमें हाथ भट्टी से निर्मित कुल 60 लीटर अवैध कच्ची शराब पाई गई । पुलिस द्वारा अवैध शराब को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया एवं उसके विरुद्ध म्याना थाने में अपराध क्रमांक 212/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।
अवैध शराब के विरूद्ध म्याना थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में ऊमरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बुन्देल सिंह सुनेरिया, प्रधान आरक्षक मनोज शर्मा, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, प्रधान आरक्षक अशोक गुर्जर, प्रधान आरक्षक दीपक तोमर, आरक्षक सुनील यादव, आरक्षक रंजीत रमन एवं महिला आरक्षक पूनम रघुवंशी की विशेष भूमिका रही है ।
