गंदगी मिली तो मौके पर ही वार्ड प्रभारी मेट निलंबित
सीएमओ शैलेश अवस्थी ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर दिखाई सख्ती, मेट-दरोगाओं को दिए कड़े निर्देश
गुना
शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शैलेश अवस्थी ने सख्त रुख अपनाया है। प्रताप छात्रावास के निरीक्षण के दौरान परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर पाए जाने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार वार्ड प्रभारी मेट के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड प्रभारी देव कुमार झावा मौके पर उपस्थित नहीं मिले। साथ ही छात्रावास परिसर एवं आसपास क्षेत्र मे कचरे का नियमित निस्तारण नहीं होने की स्थिति सामने आई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ श्री अवस्थी ने तत्काल प्रभाव से निलंबन के निर्देश दिए।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी मेट एवं दरोगाओं को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखते हुए सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा कचरे का समय पर निस्तारण कराया जाए।
आगामी त्यौहारों को देखते हुए उन्होंने विशेष रूप से शहर के प्रमुख स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
