जमीन विवाद में व्यक्ति की मौत: परिजनों ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर कोर्ट में दायर किया परिवाद
गुना/फतेहगढ़। ग्राम धनोरिया में 24 अगस्त 2026 को हुई पप्पू धाकड़ की मौत के मामले में मृतक के भाई सतीश धाकड़ और पत्नी पुष्पा बाई ने गुना में दो लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए परिवाद प्रस्तुत किया है।
परिवाद के अनुसार मृतक और आरोपी पक्ष के बीच करीब एक बीघा जमीन/बाड़े को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि 24 अगस्त की सुबह 8 से 9 बजे के बीच रामस्वरूप उर्फ माटसाहब और उसके पुत्र राजकुमार ने मृतक से विवाद व गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों ने मारपीट करते हुए उसे चबूतरे से नीचे पत्थर पर पटक दिया। एक आरोपी ने उसकी पीठ/गर्दन के पास पैर रखकर दबाया, जबकि दूसरे ने उसके हाथ पकड़ रखे थे।
परिजनों के अनुसार पप्पू को उपचार के लिए कैलवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी, पुत्रियों और एक अन्य महिला के घटना के प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा परिवाद में किया गया है।
परिवादियों ने पुलिस पर हत्या का मामला दर्ज नहीं करने और मर्ग/देहाती नालसी में घटना के वास्तविक तथ्य दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने 31 अगस्त, 8 सितंबर और 22 सितंबर को पुलिस अधीक्षक व जिला कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और FIR की मांग की, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हुई।
परिवाद में आरोपी पक्ष के रिश्तेदारों पर 5 लाख रुपये का प्रलोभन देने और कार्रवाई नहीं करने के लिए धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। मृतक के परिजनों ने BNS की धारा 103 सहित अन्य उपयुक्त धाराओं में कार्रवाई तथा नियमानुसार क्षतिपूर्ति की मांग न्यायालय से की है।
