मोबाइल कोर्ट’ नवाचार को SKOCH Award मिलने पर कलेक्टर श्री कन्याल ने दी बधाई, कहा—नियमित कार्य के साथ क्रिएटिव कार्य भी करें
अधिकारियों को नवाचार, जवाबदेही और जनसेवा का मंत्र,कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा, “बड़ा सोचें और बड़ा करें”
सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ से गांव-वार्ड में मिलेंगी शासकीय सेवाएं, 03 एवं 04 अक्टूबर को लगेंगे शिविर
सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा रैंकिंग में जिले को टॉप-5 में बनाए रखने के निर्देश, खाद की कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित समस्त जिलाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही, प्रभावी मॉनीटरिंग, नवाचार तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
‘मोबाइल कोर्ट’ नवाचार को SKOCH Award मिलने पर जिला प्रशासन को बधाई
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जिला प्रशासन गुना के राजस्व विभाग के नवाचार ‘मोबाइल कोर्ट’ को नई दिल्ली में आयोजित 109वें SKOCH Summit 2026 में ‘Foundation of Inclusive Growth’ श्रेणी के अंतर्गत प्रतिष्ठित SKOCH Award से सम्मानित किए जाने पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार जिले में किए जा रहे कार्यों का उदाहरण है। इसका श्रेय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ जिले की जनता को भी जाता है, जिन्होंने नवाचार को अपनाया और इसे प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी जब तक स्वयं अपने कार्य की जिम्मेदारी लेकर उसकी प्रभावी मॉनीटरिंग नहीं करेंगे, तब तक जिले को आगे ले जाना संभव नहीं है। अधिकारियों द्वारा किए गए अच्छे कार्यों से ही जिले की पहचान और छवि बनती है।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि नियमित शासकीय कार्यों के साथ-साथ रचनात्मक एवं नवाचार आधारित कार्यों पर भी ध्यान दें। बड़ा सोचें और बड़ा करें।
अधिकारी स्वयं जिम्मेदारी लें, जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता रखें
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि हम सभी शासन के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हैं। हमारा अच्छा कार्य जिले का नाम रोशन करता है। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी नागरिक का किसी समस्या के संबंध में फोन प्राप्त होता है तो संबंधित विभाग के अधिकारी उसे अवश्य अटेंड करें तथा समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करें। किसी कारणवश फोन अटेंड नहीं हो पाने की स्थिति में संबंधित अधिकारी बाद में कॉल बैक कर नागरिक से बात करें और उसकी समस्या के निराकरण की पहल करें।
युवा संवाद में जिला प्रदेश के टॉप-5 में, अन्य विभाग भी बेहतर प्रदर्शन करें
बैठक में बताया गया कि युवा संवाद कार्यक्रम में जिले का प्रदर्शन प्रदेश स्तर पर टॉप-5 में बना हुआ है। इसी प्रकार खाद्य विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं खनिज विभाग द्वारा भी सीएम हेल्पलाइन में अच्छा प्रदर्शन किया गया है। कलेक्टर ने इसे टीम भावना का उदाहरण बताते हुए अन्य विभागों के अधिकारियों को भी अपने-अपने विभाग में नवाचार एवं बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभाग का विजन निर्धारित करें और विभागीय जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निभाएं।
सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा रैंकिंग में टॉप-5 में बने रहने के निर्देश
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा रैंकिंग में जिले को टॉप-5 में बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को साप्ताहिक चार्ट तैयार कर नियमित मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
खाद की कालाबाजारी पर सख्ती से कार्रवाई करें—कलेक्टर
कलेक्टर ने खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए खाद की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गलत कार्य करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि गलत कार्य करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
03 एवं 04 अक्टूबर को आयोजित होगा ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’
बैठक के प्रारंभ में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे ने ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न शासकीय योजनाओं के ऐसे पात्र हितग्राहियों को चिन्हित किया जाएगा, जो अभी तक योजनाओं के लाभ से वंचित हैं तथा उनका शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 03 अक्टूबर 2026 को ब्लॉक स्तर पर तथा 04 अक्टूबर 2026 को नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
गांव एवं वार्ड स्तर पर ही नागरिकों को मिलेंगी शासकीय सेवाएं
अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को गांव एवं वार्ड स्तर पर ही शासकीय सेवाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इससे किसानों, ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों को शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। शिविरों में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर मौके पर ही पात्रतानुसार लाभ दिलाने की कार्यवाही की जाएगी।
राजस्व सहित विभिन्न विभागों की सेवाओं का मौके पर होगा निराकरण
शिविरों में राजस्व विभाग से संबंधित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र, खसरा-नक्शा सहित अन्य सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया जाएगा।
प्रत्येक शिविर में लगेंगे कम से कम 25 सुसज्जित स्टॉल
सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि प्रत्येक शिविर में स्वास्थ्य शिविर एवं शासकीय योजनाओं की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। विभिन्न विभागों द्वारा कम से कम 25 सुसज्जित स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की कार्यवाही की जाएगी।
शिविरों की होगी दैनिक ऑनलाइन मॉनीटरिंग
अभियान के दौरान प्रत्येक शिविर में प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत आवेदनों, लंबित प्रकरणों तथा वितरित हितलाभ की दैनिक ऑनलाइन रिपोर्टिंग की जाएगी। वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर निराकरण होने पर संबंधित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों के साथ फोटो एवं वीडियो भी संकलित किए जाएंगे।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए समाचार-पत्र, सोशल मीडिया, मुनादी, कोटवारों की उद्घोषणा, लाउडस्पीकर एवं दीवार लेखन सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
18 अक्टूबर तक अभियान की गतिविधियों में हितग्राहियों को दिलाएं योजनाओं का लाभ
बैठक में निर्देश दिए गए कि 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित अभियान के दौरान सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाना सुनिश्चित करें। साथ ही सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की निर्धारित पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने के निर्देश ई-गवर्नेंस विभाग को दिए गए। कलेक्टर ने शासकीय आयोजनों में निर्धारित प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश भी दिए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों का सम्मान
बैठक के अंत में विभिन्न ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी निर्माण, अमृत सरोवर, गौशाला के रखरखाव, मुक्तिधाम, कर संग्रहण, पौधारोपण एवं ‘एक बगिया मां के नाम’ सहित अन्य कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं संबंधित उपयंत्रियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
