जिला स्तरीय जनसुनवाई में आए 202 आवेदन, संबंधित अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश
गुना
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 202 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में राजस्व अधिकारियों एवं पंचायत विभाग की पूरी टीम को संयुक्त रूप से बैठाया गया, ताकि दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर जरूरतमंद हितग्राहियों को आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के परीक्षण उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा जरूरतमंद हितग्राहियों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। गुना कैंट निवासी श्री शिवनंदन शर्मा एवं उनकी पत्नी द्वारा दुर्घटना में घायल होने के कारण उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन के परीक्षण उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसी प्रकार गुना निवासी श्रीमती राखी मराठा द्वारा बीमारी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन के परीक्षण उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
आज आयोजित जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी, एसडीएम शिवानी पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
