एनीमिया मुक्त गुना की पहल : पेंची में 89 किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण
गुना
किशोरी बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया की रोकथाम के उद्देश्य से पेंची आयुष्मान आरोग्य मंदिर में हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 89 किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में बालिकाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य, एनीमिया से बचाव तथा नियमित खेलकूद के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय शिक्षकों के साथ स्वास्थ्य संवाद आयोजित कर किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौम्या वाजपेयी के सराहनीय प्रयासों से कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर श्रीमती राधा साहू द्वारा गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला CPHC सलाहकार श्री सत्येंद्र शर्मा ने कॉम्प्रिहेंसिव प्राइमरी हेल्थ केयर कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध 12 प्रकार की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं एवं उनकी उपयोगिता के बारे में बताया।
कार्यक्रम के माध्यम से किशोरी बालिकाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा एनीमिया मुक्त गुना के संकल्प में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।
