*गोपालपुरा आंगनवाडी केन्द्र से एलसीडी चोरी मामले में कैंट थाना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही
*आरोपी गिरफ्तार, चोरी हुई एलसीडी बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से चोरी, नकबजनी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना सुश्री सैफा हासमी के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा गोपालपुरा आंगनवाडी केंद्र से एलसीडी चोरी का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी हुई एलसीडी को बरामद किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 6-7 मार्च 2026 की मध्यरात्रि में गोपालपुरा आंगनवाडी केन्द्र से एलसीडी चोरी होने पर आंगनवाडी सहायिका नारायणी बाई जाटव द्वारा इस आशय की कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिस पर से अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कैंट थाने में अपराध क्रमांक 165/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था ।
कैंट थाना पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की तलाश एवं पतारसी के लिए अपना मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया । साथ ही तकनीकी संसाधनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन प्रयास किए गए । इसी क्रम में आज दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा संदेही हरिसिंह पुत्र मलखराज जाटव, उम्र 32 साल निवासी गोपालपुरा, थाना कैंट को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई । पूछताछ में उसके द्वारा उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया गया । पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर प्रकरण में चोरी गई एलसीडी को बरामद कर लिया है ।
कैंट थाना पुलिस की इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, प्रधान आरक्षक विक्रांत जाटव, प्रधान आरक्षक राजेश जाटव एवं आरक्षक एनआरएस जीतू अहिरवार की सराहनीय भूमिका रही है ।
