*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने आरोन थाने का किया औचक निरीक्षण
*थाना व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा, लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
*जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश*
जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आज दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को आरोन थाने का औचक निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण तथा सुरक्षा इंतजामों का विस्तृत जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने थाने के विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन कर उनके व्यवस्थित संधारण एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा की । उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया । साथ ही लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाने में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशीलता, सम्मान एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ व्यवहार किया जाए । प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए । उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली और त्वरित कार्यवाही से आमजन का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है ।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखने, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने तथा सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए । उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया । उनकी इस पहल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ आमजन को त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है ।
