पूर्व सैनिकों को सुरक्षा व्यवस्था में प्राथमिकता देने की दिशा में पहल, समस्याओं का प्राथमिकता से होगा निराकरण
ECHS के तहत गुना में NABH प्रमाणित अस्पताल सूचीबद्ध करने के निर्देश सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय के नए भवन के लिए भूमि का चयन होगा
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निराकरण, शस्त्र लाइसेंस संबंधी प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण, ECHS के अंतर्गत गुना जिले में NABH प्रमाणित अस्पताल को सूचीबद्ध करने तथा शासकीय एवं निजी संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पूर्व सैनिकों की सेवाओं का लिया जाएगा लाभ
कलेक्टर श्री कन्याल ने शासकीय एवं निजी संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से जिले के सेवानिवृत्त सैनिकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सक्रिय रूप से कार्य करने के इच्छुक पूर्व सैनिकों को उनकी योग्यता एवं कार्यक्षमता के अनुसार वर्गीकृत किया जाए, ताकि उनकी सेवाओं का बेहतर उपयोग किया जा सके। आगामी त्योहारों एवं विभिन्न आयोजनों में भी पूर्व सैनिकों की सेवाएं वॉलंटियर के रूप में लेने की दिशा में कार्य करने पर चर्चा की गई।
पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा निराकरण
कलेक्टर ने पुलिस विभाग को पूर्व सैनिकों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता से सुनने तथा अन्य विभागों को भी उनके मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि उनका उचित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
ECHS के अंतर्गत अस्पताल सूचीबद्ध करने के निर्देश
बैठक में भूतपूर्व सैनिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ECHS के अंतर्गत NABH प्रमाणित अस्पतालों को सूचीबद्ध करने के विषय पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को गुना जिले में उपयुक्त NABH प्रमाणित अस्पताल को सूचीबद्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शस्त्र लाइसेंस प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण पर जोर
बैठक में नवीन शस्त्र लाइसेंस आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण से संबंधित प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने शस्त्र लाइसेंस से संबंधित सभी प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
करों में नियमानुसार रियायत एवं नए भवन के लिए भूमि चयन
पूर्व सैनिकों को भूमि एवं भवन पर देय करों तथा उपकरों में शासन के नियमानुसार रियायत देने के विषय पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने नगर पालिका को इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के कार्यालय के नवीन भवन के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने हेतु एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडे को कहा गया।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिवा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सुमन, कर्नल भानू प्रताप सिंह (सेवानिवृत्त), बिंग कमांडर (सेवानिवृत्त) श्री आशुतोष शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी एवं श्री देवांशु शिवहरे सहित अन्य अधिकारी तथा भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
