शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने कलेक्टर एवं एसपी ने किया भ्रमण
हनुमान चौराहे से रिंग रोड तक यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण, जगनपुर में भूमि का किया अवलोकन
गुना
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने हनुमान चौराहे, जगनपुर और प्रस्तावित रिंग रोड का निरीक्षण किया तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने और सड़क पर अतिक्रमण रोकने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने हनुमान चौराहे के पास फूलों की दुकानों सहित अन्य दुकानदारों को अपना सामान सड़क पर नहीं रखने के निर्देश दिए, ताकि यातायात बाधित न हो और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
शहर के मीट मार्केट, नगर पालिका एवं बस स्टैंड को व्यवस्थित स्थान पर शिफ्ट करने की संभावनाओं के दृष्टिगत अधिकारियों ने जगनपुर क्षेत्र में भूमि का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने प्रस्तावित रिंग रोड का भ्रमण किया। साथ ही चिंताहरण से हनुमान चौराहे तक यातायात के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि गुना जिला तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। आने वाले समय में गुना एक बड़ा इंडस्ट्री हब बनने वाला है, जिससे रोजगार के तमाम अवसर सृजित होंगे। ऐसे में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़कों को व्यवस्थित रखने और नागरिकों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

