*नवदुर्गा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन के लिए गुना पुलिस मुस्तैद
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने बीसभुजा माता मंदिर पहुंचकर लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा*
*‘नई दिशा अभियान’ से प्रेरित होकर अपराध का रास्ता छोड़ रोजगार अपनाने वाले पारदी युवक का बढ़ाया उत्साह, उससे फूलों के गुलदस्ते खरीदकर किया प्रोत्साहित*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में जिले में नवदुर्गा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन तथा बेहतर कानून एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं । जिले के विभिन्न माता मंदिरों, झांकी स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है ।
आज दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, सीएसपी गुना सुश्री सैपा हाशमी एवं बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार के साथ बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध बीसभुजा माता मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया । निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा दुकानों की स्थिति का अवलोकन किया । उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवदुर्गा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा पार्किंग स्थल संचालकों एवं दुकानदारों से संवाद कर उन्हें यातायात और आवागमन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, रास्तों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा उत्पन्न नहीं करने की समझाइश दी गई । साथ ही, सभी से निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई ।
नवदुर्गा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, सुगम दर्शन सुनिश्चित करने तथा आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुना पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं ।
गुना पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, यातायात नियमों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें । किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असुविधा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें ।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा पारदी समुदाय के लोगों को अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा सम्मानजनक जीवनयापन के लिए शिक्षा, रोजगार अपनाने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘नई दिशा अभियान’ चलाया जा रहा है । इस पहल के तहत समुदाय के लोगों को विभिन्न स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है ।
इसी अभियान की सकारात्मक पहल का उदाहरण नवदुर्गा महोत्सव के दौरान देखने को मिला । मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल की नजर मुरादपुर निवासी राजा पारदी की फूलों के गुलदस्ते की दुकान पर पड़ी, जहां वह अपनी पत्नी के साथ दुकान लगाकर गुलदस्ते बेच रहा था । पुलिस अधीक्षक ने दुकान पर पहुंचकर उससे गुलदस्ते खरीदे और उनका निर्धारित मूल्य चुकाकर राजा पारदी का उत्साहवर्धन किया । इस पहल के माध्यम से उन्होंने मेहनत एवं ईमानदारी से आजीविका अर्जित करने के प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जीने के महत्व को रेखांकित किया ।
‘नई दिशा अभियान’ का उद्देश्य पारदी समुदाय के लोगों को रोजगार के अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा अपराध से दूर रहकर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है । गुना पुलिस की यह पहल सामुदायिक पुलिसिंग, सामाजिक बदलाव एवं जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है ।
