*अवैध शराब के विरुद्ध गुना पुलिस की निरंतर कार्यवाही*
*धरनावदा थाना पुलिस ने शराब तस्करी करते कुख्यात पारदी बदमाश किया गिरफ्तार
*आरोपी से हाथ भट्टी पर निर्मित 65 लीटर कच्ची शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर सायकिल जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं इसकी तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण तथा धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा के नेतृत्व में झागर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कदम और उनकी टीम द्वारा शराब तस्करी करते कुख्यात पारदी बदमाश गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 65 लीटर कच्ची शराब एवं तस्करी में उपयुक्त मोटर सायकिल जप्त की गई है ।
उल्लेखनीय है कि आज दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को धरनावदा थाना अंतर्गत झागर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति हीरो स्प्लेण्डर मोटर सायकिल क्रमांक MP08 MT 5262 पर प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी दो कैनों में कच्ची शराब लेकर कुली घाटी वाले रास्ते से सूजाखेड़ी गांव की ओर आ रहा है । थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी की सूचना को गंभीरता से लेते हुए झागर चौकी से पुलिस की एक टीम तत्काल सूजाखेड़ी पहुंची और कुली घाटी वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर संदेही के आने का इंतजार किया, जहां पर कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार मोटर सायकिल पर संदेही के आने पर पुलिस टीम द्वारा सतर्कतापूर्ण कार्यवाही करते हुए संदेही को घेराबंदी कर रोक लिया गया, पूछताछ में उसने अपना नाम धनराज पुत्र मोतीलाल पारदी उम्र 55 साल निवासी ग्राम मुरादपुर चक थाना धरनावदा जिला गुना का बताया एवं उसकी मोटर सायकिल पर लटकी दोनों केनों की जांच करने पर उनमें हाथ भट्टी पर निर्मित कुल 65 लीटर अवैध कच्ची शराब पाई गई । आरोपी के कब्जे से बरामद 65 लीटर कच्ची शराब एवं शराब की तस्करी में उपयुक्त मोटर सायकिल को पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया एवं उसके विरुद्ध धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 221//26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।
अवैध शराब के साथ गिरफ्तारशुदा आरोपी धनराज पारदी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर उसके विरूद्ध धरनावदा थाने में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट, तोड़फोड़ आदि धाराओं में कुल 09 प्रकरण दर्ज पाये गये हैं ।
धरनावदा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा के नेतृत्व में झागर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कदम, प्रधान आरक्षक जोगेश शर्मा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार, प्रधान आरक्षक राघवेन्द्र सिंह, आरक्षक राजेश परिहार, आरक्षक पवन शर्मा एवं सैनिक सुखलाल नायक की सराहनीय भूमिका रही है ।
