कलेक्टर ने खाद्यान्न वितरण केंद्र और खाद गोदाम का किया निरीक्षण
चांचौड़ा में छात्राओं को बताया विकसित भारत-2047 का लक्ष्य, एसपी ने नशे से दूर रहने की दी सीख
विधायक श्रीमती प्रियंका पेची ने छात्राओं से किया संवाद, निडर होकर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को बीनागंज में पीडीएस खाद्यान्न वितरण वेयरहाउस और खाद गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न के स्टॉक एवं उपलब्ध कर्मचारियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चांचौड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने और इंटरनेट का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी। विधायक चांचौड़ा श्रीमती प्रियंका पेंची भी इस दौरान उपस्थित रहीं।
खाद्यान्न वितरण और खाद की उपलब्धता की जानकारी ली
बीनागंज स्थित पीडीएस खाद्यान्न वितरण वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपलब्ध स्टॉक और कर्मचारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने पास ही स्थित खाद गोदाम का निरीक्षण किया तथा किसानों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिले में खाद की कोई समस्या नहीं है। साथ ही किसानों को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।
छात्राओं को बताया विकसित भारत-2047 का लक्ष्य
चांचौड़ा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कलेक्टर श्री कन्याल ने छात्राओं को विकसित भारत-2047 की परिकल्पना के बारे में बताया। उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति को वर्तमान स्तर से आठ गुना तक बढ़ाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए छात्राओं को देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
एसपी ने नशे से दूर रहने और लक्ष्य पर ध्यान देने की दी सीख
पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया। उन्होंने एकलव्य का उदाहरण देते हुए कहा कि जीवन में अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहना चाहिए। साथ ही इंटरनेट का उपयोग ज्ञान अर्जित करने और सकारात्मक गतिविधियों के लिए करने की सलाह दी।
विधायक ने छात्राओं को निडर होकर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
विधायक श्रीमती प्रियंका पेची ने छात्राओं को जीवन में निडर होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से विद्यालय में पढ़ाई एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और उनसे संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कविता गायन की प्रस्तुति दी। शिक्षा एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
