मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई करें, स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा - कलेक्टर
नशामुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर, खाद आपूर्ति की प्रतिदिन होगी समीक्षा
फूड जोन में पार्किंग और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करें, विभागीय कार्यों में तकनीक से लाएं नवाचार
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की उपस्थिति में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप शिवा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण, वन विभाग से संबंधित लंबित कार्यों, विकसित किए जा रहे फूड जोन में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, खाद की उपलब्धता, मिलावटी खाद्य सामग्री के विरुद्ध कार्रवाई तथा नशामुक्ति अभियान की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
बैठक की शुरुआत में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों की कुछ शिकायतों को खुद पढ़कर उनकी स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का परीक्षण कर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वन विभाग से संबंधित लंबित कार्य समय पर पूरे करें
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने सभी संबंधित विभागों को वन विभाग से जुड़े लंबित कार्यों का निराकरण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
फूड जोन में पार्किंग और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था पर जोर
जिले में विकसित किए जा रहे फूड जोन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित सीएमओ, उप पंजीयक एवं एसडीएम को संयुक्त रूप से आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फूड जोन में कमर्शियल सिलेंडर के उपयोग सहित सुरक्षा संबंधी सभी निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने के बाद ही फूड जोन का व्यवस्थित संचालन किया जाए।
उन्होंने फूड जोन में पार्किंग की समुचित व्यवस्था, वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था तथा आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। इस दौरान फूड जोन के बेहतर संचालन को लेकर अन्य सुझावों पर भी चर्चा की गई।
तकनीक के उपयोग से नवाचार करें एनआईसी
कलेक्टर ने एनआईसी विभाग को नई तकनीकों का उपयोग करते हुए शासकीय कार्यों में नवाचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से कार्यप्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए।
खाद की उपलब्धता की प्रतिदिन होगी समीक्षा
किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में प्रतिदिन सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। इसके माध्यम से खाद की उपलब्धता, वितरण एवं संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी।
मिलावटी खाद्य सामग्री के विरुद्ध करें सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने खाद्य विभाग को मिलावटी खाद्य सामग्री के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा जांच एवं निगरानी की व्यवस्था प्रभावी रखी जाए।
नशामुक्ति अभियान में युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी बढ़ाएं
बैठक में कलेक्टर द्वारा एनकॉर्ड की बैठक लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों के बीच नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया।
नशे की रोकथाम के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के पुनर्वास एवं परामर्श की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।
प्रत्येक थाना क्षेत्र में आयोजित होंगी चौपालें
कलेक्टर ने नशे की रोकथाम के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए। इन चौपालों में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी समन्वय के साथ सहभागिता करेंगे, ताकि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और प्रभावित व्यक्तियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सके।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि नशे की लत कई बार अपराधों में वृद्धि का एक कारण बनती है। ऐसे में नशे की रोकथाम, जनजागरूकता, समय पर परामर्श तथा पुनर्वास की व्यवस्थाओं को मजबूत करना आवश्यक है।
