“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान”के तहत नगरपरिषद आरोन में जन-विश्वास शिविर का आयोजन
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया लाभान्वित, उद्यमियों की समस्याओं पर भी हुआ संवाद
गुना
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को आरोन में जनपद पंचायत आरोन के सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर कार्यवाही की गई। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने, शहरी क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
शिविर में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य एवं अन्य संबंधित विभागों की सेवाओं के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। नामांतरण, बंटवारा, बटांकन, किसान कल्याण योजनाओं, विभिन्न प्रमाण-पत्रों, पात्रता पर्ची एवं आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सेवाओं से संबंधित आवेदनों एवं समस्याओं पर संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही की गई। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं, शिकायतें एवं मांगें सुनी गईं। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को मिले योजनाओं का लाभ – कलेक्टर श्री कन्याल
शिविर में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को शासकीय योजनाओं का लाभ सरलता और समय पर मिले। इसी उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को शिविर आयोजित कर नागरिकों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक तकनीकों और नवाचार को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं। गुना जिले में अनेक किसान प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि उपकरणों और उद्यानिकी फसलों के माध्यम से परंपरागत खेती से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने किसानों से खेती में नई तकनीकों को अपनाने, फसल विविधीकरण पर ध्यान देने तथा कृषि की नई संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ खेती के तरीकों में नवाचार अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
शिविर में राजस्व विभाग के अंतर्गत बंटवारा, फौती नामांतरण एवं नक्शा बटांकन संबंधी प्रकरणों का निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को मुद्रा ऋण एवं सीसीएल ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही खाद्य विभाग के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की नवीन राशन पर्चियां बनाई गई। स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय टीवी मुक्त कार्यक्रम के तहत टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान की गयी।
उद्योग संवाद में उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा, हितलाभ वितरण
शिविर के दौरान उद्योग संवाद आयोजित किया गया, जिसमें वृहद, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की गतिविधियों, अनुभवों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई। उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार एवं स्वरोजगार गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन की योजनाओं और उपलब्ध सहयोग की जानकारी देने पर जोर दिया गया। संबंधित विभागों को उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उद्योग विभाग अंतर्गत विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये गये।
शिविर में नगरपरिषद आरोन अध्यक्ष श्रीमती अरूणा शैलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम श्री मंजुषा खत्री सहित अन्य अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।
