कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्राम पंचायत बारोद में स्वामित्व दस्तावेज पंजीयन शिविर का किया निरीक्षण
ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को दें लाभ – कलेक्टर
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को जनपद पंचायत आरोन की ग्राम पंचायत बारोद में स्वामित्व दस्तावेज पंजीयन शिविर का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम आरोन सुश्री मंजुषा खत्री सहित संबंधित अधिकारी, ग्रामीण जन उपस्थित थे।
शिविर में कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्रामीणों को स्वामित्व योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र ग्रामीणजन स्वामित्व योजना के तहत तैयार अधिकार अभिलेख अनुसार भूखंड की रजिस्ट्री मिलने से उनकी संपत्ति की कीमत बढ़ेगी और वे शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि भूमि का विधिवत मालिकाना हक मिलने से उन्हें बैंक से ऋण लेने में आसानी होगी। योजना के क्रियान्वयन में पटवारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर आवश्यक कार्यवाही 10 से 15 मिनट में पूरी की जा सकती है। उन्होंने आमजन से ई-केवाईसी कराने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्रामीणों से खेती में फसल परिवर्तन अपनाने तथा जल उपलब्धता बनाए रखने के लिए तालाब निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान फसल पैटर्न में बदलाव लाएं तथा सब्जी एवं फूलों की खेती को अपनाएं। पॉलीहाउस के माध्यम से एक एकड़ में सालाना 10 से 15 लाख रुपये तक की आय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने गाय के गोबर एवं गोमूत्र का उपयोग कर प्राकृतिक खेती अपनाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा खेती को लाभकारी बनाने के लिए उपलब्ध संभावनाओं का लाभ लेने की बात कही। ग्रामीणों से संवाद के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने गुना में कूनो नदी के उद्गम स्थल एवं जिज्जी की पंचायत का भी भ्रमण करने की बात कही। उन्होंने पराली नहीं जलाने के संबंध में भी जागरूक किया।
कलेक्टर श्री कन्याल ने आरोन में गौशाला का किया निरीक्षण
आरोन भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने पनवाड़ी रोड सिरसी स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित गायों को चारा खिलाया तथा गौशाला की व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों द्वारा गौशाला में पानी की समस्या से अवगत कराने पर उन्होंने सीएमओ आरोन को पानी की व्यवस्था के लिए बोर कराने के निर्देश दिए।
स्टेडियम का किया निरीक्षण
इसके पश्चात कलेक्टर श्री कन्याल ने शासकीय महाविद्यालय आरोन स्थित स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमओ आरोन को स्टेडियम में आवश्यक मेंटेनेंस कार्य कराने के निर्देश दिए, जिससे आगामी दिनों में वहां टूर्नामेंट सहित अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जा सकें। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा युवाओं को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
