Type Here to Get Search Results !

सांदीपनि विद्यालय में स्वच्छता जागरूकता रैली एवं श्रमदान के साथ मनाया गया सेवा संकल्प अभियान

 सांदीपनि विद्यालय में स्वच्छता जागरूकता रैली एवं श्रमदान के साथ मनाया गया सेवा संकल्प अभियान



गुना 

मध्यप्रदेश शासन, लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एस. राठौर के मार्गदर्शन में जिले के समस्त विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज 02 अक्टूबर को विभिन्न स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुना में भी स्वच्छता अभियान उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर की स्वच्छता के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता जागरूकता रैली, श्रमदान, स्लोगन प्रतियोगिता, सिंगल यूज प्लास्टिक का चिह्नांकन एवं पुराने अनुपयोगी सामान के एकत्रीकरण जैसे विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया तथा इन गतिविधियों का प्रतीकात्मक रूप से क्रियान्वयन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।


इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय परिसर से बाहर तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं स्वच्छ पर्यावरण से संबंधित प्रेरक नारे लगाकर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।


विद्यालय के प्रवेश द्वार के समीप एक छोटे क्षेत्र को चिन्हांकित कर वहां उगी खरपतवार एवं अनावश्यक वनस्पतियों की सफाई भी की गई। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से इस कार्य में सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान शिक्षकों द्वारा भी विद्यार्थियों के साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित न रहकर हमारे व्यवहार एवं दैनिक जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। विद्यार्थियों ने स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


विद्यालय परिवार द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता एवं श्रम की गरिमा के प्रति सकारात्मक भाव विकसित करने का प्रयास किया गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.