*नशे के सौदागरों पर गुना पुलिस का सतत प्रहार*
*फतेहगढ थाना पुलिस ने 13 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ दो नशा तस्कर किए गिरफ्तार
*1.30 लाख रुपये की स्मैक एवं तस्करी में प्रयुक्त कार सहित करीब 8.30 लाख मूल्य का मशरुका जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं इन गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री हेमंत पाण्डेय के पर्यवेक्षण में फतेहगढ थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए 13 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है ।
गौरतलब है कि गत दिनांक 02 नवंबर 2026 की रात्रि में फतेहगढ थाने से पुलिस की एक टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए ठाकुरबाबा मंदिर के पास हमीरपुर-छबडा रोड पर नाकावंदी कर एक रिनोल्ट डस्टर कार क्रमांक MP04 CN 0826 से स्मैक तस्करी कर रहे आरोपी हेमंत उर्फ दिल्लू पुत्र रामस्वरुप ओढ उम्र 24 साल एवं राजू उर्फ मोटा पुत्र मदन बंजारा उम्र 22 साल निवासीगण फतहेगढ जिला गुना को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 ग्राम अवैध स्मैक कीमती करीबन 1.30 लाख रूपये एवं तस्करी में डस्टर कार कीमती 07 लाख रूपये सहित कुल 8.30 लाख रूपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है । पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध फतेहगढ थाने में अपराध क्रमांक 227/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है । पुलिस द्वारा प्रकरण में बरामद स्मैक की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी के अन्य संभावित ठिकानों एवं इनके नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है ।
नशे के विरुद्ध फतेहगढ थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप सिंह रघुवंशी, सउनि जसरथ दिवाकर, प्रधान आरक्षक सरनाम सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रसेन फालके, प्रधान आरक्षक विकास भार्गव, प्रधान आरक्षक हरिओम किरार, प्रधान आरक्षक प्रेम ग्वाल, प्रधान आरक्षक कांजराज बारेला, आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक बृजेन्द्र कुशवाह, आरक्षक अजय लोधी, आरक्षक धीरेन्द्र बघेल, आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक नीरज शर्मा, आरक्षक लेखराज भील तथा साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप याद व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा है ।
गुना पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है । अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही सतत जारी रहेगी ।
