जिला स्तरीय जनसुनवाई में प्राप्त हुए 242 आवेदन
कलेक्टर ने अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
गुना
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित सीमांकन, कब्जा दिलाने, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित कुल 242 आवेदन प्राप्त हुए। जिनके शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के प्रभावी निराकरण के लिए राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को संयुक्त रूप से बैठाया गया, जिससे दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का आपसी समन्वय से निराकरण किया जा सके।
कलेक्टर ने जनसुनवाई में पांच जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए पांच जरूरतमंद आवेदकों को कुल 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
जनसुनवाई में चौरसिया कॉलोनी निवासी नेहा कोरी ने पढ़ाई के लिए, ग्राम मोहरी खुर्द निवासी नेत्रहीन श्री बुंदेल सिंह बंजरा ने आर्थिक सहायता के लिए तथा रूठियाई निवासी श्री कैलाश मीना ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते एवं श्री नारायण सिंह कुशवाह उपचार के लिये सहायता उपलब्ध कराने आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर द्वारा चारों आवेदकों को 5-5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इसी प्रकार गुना निवासी श्रीमती बंटी सोनी ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता का आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर द्वारा श्रीमती बंटी सोनी को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
दिव्यांग आवेदक को जनसुनवाई में उपलब्ध कराई बैटरीयुक्त ट्रायसाइकिल
तहसील राघौगढ़ निवासी दिव्यांग श्रीमंत राघवेन्द्र पुरी ने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर चलने-फिरने में असमर्थता के कारण बैटरीयुक्त ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराने आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सामाजिक न्याय विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर जनसुनवाई के दौरान ही श्रीमंत राघवेन्द्र पुरी को बैटरीयुक्त ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
आज आयोजित जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी एवं श्री दिव्यांशु शिवहरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
