Type Here to Get Search Results !

हर घर दिवाली अभियान से 300 से अधिक बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान

 हर घर दिवाली अभियान से 300 से अधिक बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान

कलेक्टर श्री कन्याल की प्रेरणा एवं निर्देश पर आनंद विभाग की पहल, तीन ग्रामों के बच्चों को वितरित की गईं उपहार किट


गुना 

दीपावली का पर्व खुशियों, उल्लास और आपसी प्रेम का संदेश लेकर आता है। इस पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग और विशेषकर बच्चे भी इन खुशियों में सहभागी बनें। इसी भावना को साकार करते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की प्रेरणा एवं निर्देशानुसार आनंद विभाग, गुना द्वारा ‘हर घर दिवाली अभियान’ के अंतर्गत एक सराहनीय पहल की गई। इस पहल के माध्यम से 300 से अधिक जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों तक दीपावली की खुशियां पहुंचाई गईं तथा उन्हें उपहार किट वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी गई।

मध्यप्रदेश शासन के आनंद विभाग की अवधारणा के अनुरूप जिला आनंद विभाग द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के जनसहयोग से इस अभियान को संचालित किया गया। इसके अंतर्गत ग्राम विनायकखेड़ी, ग्राम सोजनाचक एवं ग्राम कंचनपुरा के प्राथमिक विद्यालयों तथा बस्तियों में पहुंचकर नन्हे-मुन्ने बच्चों को कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल की ओर से उपहार किट प्रदान की गईं। उपहार प्राप्त कर बच्चों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।

इस अवसर पर एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाठक, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी आनंद विभाग श्री दिव्यांशु शिवहरे, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती योगिता परमार, नोडल अधिकारी आनंद विभाग श्री आशीष टाटिया, डीपीसी सुश्री प्रेरणा गुप्ता, बीआरसी, पीआईयू के कार्यपालन यंत्री श्री अभिनव परिहार, बी आरसी श्री अशोक जोशी तथा आनंद क्लब गुना के श्री रोहित सहित संबंधित ग्रामों के विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक उपस्थित रहे।

अधिकारियों एवं शिक्षकों ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया, उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही बच्चों को सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने, आतिशबाजी के दौरान सावधानी रखने तथा बड़ों की देखरेख में ही दीपावली के उत्सव में भाग लेने का संदेश भी दिया।

आनंद विभाग की गतिविधियों का व्यापक उद्देश्य

उल्लेखनीय है कि आनंद विभाग द्वारा समाज में सकारात्मकता, प्रसन्नता और जीवन के प्रति उत्साह का भाव विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जाता है। इनमें अल्पविराम, आनंद उत्सव, आनंद क्लब सहित अनेक गतिविधियां शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को अपनी दिनचर्या की व्यस्तताओं और तनाव से कुछ समय विराम लेकर स्वयं से जुड़ने, जीवन के सकारात्मक पहलुओं को समझने, आपसी सहयोग एवं सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाता है। विभाग का उद्देश्य नागरिकों में तनावमुक्त जीवनशैली, मानसिक प्रसन्नता, सकारात्मक सोच तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

इसी व्यापक सोच के अंतर्गत ‘हर घर दिवाली अभियान’ के माध्यम से बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने का प्रयास किया गया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि दीपावली केवल अपने घरों को रोशन करने का पर्व नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का अवसर है। सामूहिक सहभागिता, जनसहयोग और संवेदनशील प्रशासनिक पहल से समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियां पहुंचाई जा सकती हैं। 300 से अधिक बच्चों के साथ मनाया गया यह आत्मीय दीपावली उत्सव इसी भावना का सुंदर उदाहरण बना।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.